संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ डॉ. विनय देशवाल से मारपीट के मामले में कार्रवाई होने के बाद शनिवार को डॉक्टर काम पर लौटे। दो दिन की हड़ताल समाप्त होने से अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहले ही दिन करीब 800 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे।
सुबह से ही ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। डॉक्टरों की हड़ताल के कारण पिछले दो दिनों से मरीजों को उपचार में परेशानी हो रही थी। कई मरीज बिना चिकित्सकीय परामर्श के लौट गए थे। शनिवार को डॉक्टरों के लौटने से ऐसे मरीज भी अस्पताल पहुंचे जिनका उपचार रुका हुआ था। ओपीडी में सामान्य बीमारियों के साथ बुखार, सर्दी-जुकाम और त्वचा रोग के मरीज आए। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दवाइयां और सलाह दी। डॉ. विनय देशवाल ने बताया कि मरीजों का इलाज सुचारू हो गया है।
हरी नगर निवासी पूनम का स्तन से रक्तस्राव का उपचार डॉ. सुमन देशवाल से चल रहा था। हड़ताल के कारण पिछले दो दिनों से उपचार नहीं हो पा रहा था। शनिवार को उन्होंने चिकित्सक से परामर्श लिया। अशोक नगर निवासी संतोष देवी को बेड से गिरने से कमर में चोट लगी थी। एक्सरे के बाद डॉक्टर ने दवा लिखी, जिससे उन्हें राहत मिली।