बहादुरगढ़। झज्जर जिला तैराकी प्रतियोगिता 1 जून को एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक अकादमी के स्वीमिंग पूल पर आयोजित की जाएगी। जिला तैराकी संघ प्रधान विजय गहलावत (एसीपी) और सचिव सुनील कादियान ने बताया कि हरियाणा तैराकी संघ के निर्देशों के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तैराक का हरियाणा तैराकी संघ के पास पंजीकरण होना जरूरी है। बिना वैध पंजीकरण के कोई भी तैराक प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष, भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष और हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री भी प्रतियोगिता के दौरान मुख्य तौर पर मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता सुबह 8 बजे शुरू होगी। प्रतिभागी तैराक को रजिस्ट्रेशन प्रति के साथ जन्म प्रमाण पत्र की कॉपी भी देनी होगी। प्रतियोगिता में प्रत्येक तैराक 5 इवेंट्स में भाग ले सकता है। जिला तैराकी प्रतियोगिता में विजेता तैराक राज्य तैराकी प्रतियोगिता में भाग ले पाएंगे। उन्होंने बताया कि सीनियर, जूनियर और सब जूनियर ग्रुप में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पहली बार सब जूनियर ग्रुप में गु्रप 6 को जोड़ा गया है जिसमें 6 साल या उससे कम उम्र के तैराक भाग ले पाएंगे। ओलंपिक स्टैंडर्ड के 50 मीटर के स्वीमिंग पूल में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस दौरान तैराकी कोच साई जाधव, पदमपाल, संदीप, प्रवीन और अमित भी मौजूद रहेंगे।