झज्जर। भाजपा की तरफ से वीरवार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने झज्जर में सेवा ही संगठन ऑक्सीजन बैंक का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में कोरोना संक्रमितों के लिए पार्टी ने अमेरिका से 56 हजार रुपये प्रति ऑक्सीजन कन्संट्रेटर खरीद कर वीरवार को झज्जर बीजेपी ऑक्सीजन बैंक शुरू कर दिया है। सेवा ही संगठन है, इसी भाव को साकार करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने वीरवार से प्रदेश के सभी जिलों में ऑक्सीजन बैंक शुरू कर दिए हैं।
ऑक्सीजन बैंक हेल्पलाइन नंबर 8059435000 जारी
धनखड़ ने सेवा ही संगठन झज्जर ऑक्सीजन बैंक हेल्प लाइन नंबर 8059435000 जारी करते हुए कहा कि कोई भी नागरिक कोरोना संक्रमित है। उसको ऑक्सीजन की जरूरत है वह इस नंबर पर फोन कर दें हमारे कार्यकर्ता उक्त मरीज को ऑक्सीजन कन्संट्रेटर उपलब्ध कराएंगे। मरीज के ठीक होने पर कन्संट्रेटर वापस बैंक में जमा कराना होगा, ताकि यह किसी दूसरे नागरिक को जरूरत पड़ने पर काम आ सके। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत हुई तो और ऑक्सीजन कन्संट्रेटर की व्यवस्था कर दी जाएगी। किसी भी मरीज को ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि झज्जर और बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट मंजूर किए हैं। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पीएम ने आपदा के समय में प्रदेश का ऑक्सीजन कोटा 162 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 282 मीट्रिक टन कर दिया है। हमारी सरकार ने ऑक्सीजन सिलिंडर रिफिलिंग सेवा शुरू की है जो मरीज के घर द्वार पर ऑक्सीजन सिलिंडर पहुंचा रही हैं।
होम आइसोलेट को मेडिकल किट व मार्गदर्शिका
धनखड़ ने कहा कि सेवा ही संगठन भाव से हमारे कार्यकर्ताओं की तरफ से होम आइसोलेट मरीजों को मेेडिकल किट और कोविड से बचाव की मार्गदर्शिका पुस्तक भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इस मेडिकल किट में ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, सरकार की ओर से सुझाई गई दवाइयां उपलब्ध है। इस किट की कीमत लगभग 1500 रुपये आई है। सेवा भाव से संगठन की तरफ से यह भी होम आइसोलेट मरीजों को निशुल्क दी जा जाएगी।
ब्लैक फंगस और ग्रामीण क्षेत्र नई चुनौती
धनखड़ ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर आंशिक सफलता मिली है। पहले प्रदेश में प्रतिदिन 14 हजार कोरोना संक्रमित हो रहे थे। सभी के प्रयासों से यह आंकड़ा अब सात हजार तक नीचे आ गया है। ब्लैक फंगस और ग्रामीण क्षेत्र
में कोरोना संक्रमण की बढ़ती संख्या एक नई चुनौती के रूप में आए हैं। सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में आइसोलेशन सेंटर बनाए हैं। घर द्वार पर जाकर टीमें टेस्टिंग कर रही हैं। ब्लैक फंगस को लेकर भी सरकार ने पूरी गंभीरता से प्रयास शुरू कर दिए हैं। सभी मिलकर इस चैलेंज से पार पा लेंगे, ऐसी मुझे उम्मीद है।
भाजपा सेवा रसोई कारगार साबित
धनखड़ ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया था कि कई स्थानों पर अस्पतालों में मरीजों के लिए भोजन की जरूरत है। संगठन ने तत्काल पूरे प्रदेश में भाजपा सेवा रसोई शुरू कर दी। कोई भी संक्रमित मरीज या ऐसा संक्रमित परिवार जो खाना नहीं बना पा रहा है। ऐसे जरूरतमंदों में पार्टी कार्यकर्ता शुद्ध सात्विक, पोष्टिक भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि झज्जर में एक और बहादुरगढ़ में ऐसी दो सेवा रसोई चल रही हैं। उन्होंने कहा कि बादली- झज्जर में भाजपा सेवा रसोई के लिए 9671066975 व 9215253948 और बेरी व बहादुरगढ़ के लिए 9992044441 व 9315151529 पर फोन या वाटसअप कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त झज्जर में किसी भी कोरोना संक्रमित मरीज को कोई परेशानी होने पर जिला भाजपा के नंबर 8397935802 व 8397935839 पर डायल कर मदद ले सकते हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश कौशिक, भाजपा जिला प्रभारी महेश चौहान, जिला अध्यक्ष विक्रम कादियान, डॉ राकेश कुमार जिला महामंत्री कप्तान बिरधाना व अश्विनी शर्मा मौजूद रहे।