झज्जर। जिले में स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े मौत के आंकड़ों से मेल नहीं खा रहे हैं। कोरोना संक्रमण व संदिग्ध लोगों के आंकड़े देखे जाएं तो मई माह के शुरुआती 17 दिनों में 1250 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी हैं। कोरोना से हुई सभी मौत विभाग की सूची में शामिल नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में पूरा झोल दिखाई दे रहा है। जिले के 3 शहरों व 250 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 201 मौत कोरोना से हुई हैं। पंचायत विभाग के अनुसार 1 मई से 17 मई तक ग्रामीण क्षेत्र में करीब 220 गांवों में 1162 लोगों की मौत हुई हैं। जबकि इस दौरान करीब 100 लोगों का नगर परिषद व नगर पालिका की तरफ से कोरोना प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र का यह आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग का नहीं हैं, लेकिन पंचायत विभाग की तरफ से हर गांव से एकत्रित किया जाने वाला आंकड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक कोरोना से 201 लोगों की रिपोर्ट की कन्फर्म हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गठित की गई कमेटी फिलहाल पर यह निर्णय नहीं ले पाई है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने के बावजूद भी आखिर कोरोना से हुई मौत रिकॉर्ड में दर्ज क्यों नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कमेटी की रिपोर्ट के इंतजार में
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एक ही बात कहते हैं कि कमेटी की रिपोर्ट में जो लोग कोरोना संक्रमित की वजह से मरे हैं, उनकी रिपोर्ट में आते हैं मृतकों की सूची में शामिल किया जाता है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने के बाद आखिर उनकी रिपोर्ट विभाग के पास कब आएगी इसके बार में कुछ भी नहीं कहा जा रहा है।
जिले में 17 मई तक 30 गांव में किसी भी व्यक्ति की नहीं हुई मौत
पंचायत विभाग के आंकड़ों के अनुसार कोरोना प्रोटोकॉल से 220 गांवों में कई-कई लोगों के अंतिम संस्कार किए गए हैं। लेकिन जिले की तीस ग्राम पंचायतों के अंतर्गत किसी भी कोरोना या कोरोना संदिग्ध की श्रेणी में आने वाले व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। जबकि बाकी गांव में 1 से लेकर 39 लोगों तक की मौत हुई है। सबसे अधिक मौत माछरौली व मांडोठी हुई है। 1 मई से 17 मई तक सबसे अधिक मौत माछरौली गांव में हुई हैं। इस गांव में 39 लोगों की मौत हुई हैं। जबकि मांडोठी गांव में 17 दिन में 33 लोग जिंदगी की जंग हार चुके हैं।
52 गांवों में सात से अधिक हुई मौत
जिले के सात से अधिक लोगों को कोरोना या कोरोना संदिग्ध के रूप में मौत हुई है। बाकी गांवों में एक से छह तक लोगों की मौत हुई हैं। जिन लोगों का ग्राम स्तर पर गठित की गई कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कमेटी ने अंतिम संस्कार किया है।
किस गांव में कितनी हुई मौत
गांव का नाम मौत
बादली 17
बूपनिया 10
गुभाना 14
दादरी तोए 10
लाडपुर 9
पेलपा 8
आसौदा टोडरण 9
छारा 18
दूल्हेड़ा 23
जाखौदा 13
जसौर खेड़ी 14
कानौंधा 9
कसार 9
खरहर 13
खेड़ी जसौर 12
लडरावन 14
मांडोठी 33
मातन 9
नूना माजरा 12
निलौठी 10
रेवाड़ी खेड़ा 17
साखौंल 11
सराय ओरंगाबाद 8
सौलधा 11
बीड़ बरकताबाद सैनियान 10
बरहाना गुगना 10
डीघल 17
दुबलधन बिध्यान 16
दुबलधन किरमान 9
गोच्छी 11
मोहम्मदपुुर माजरा 15
सीवाना 12
बाबरा 7
भदानी 7
बिरधाना 8
धौड़ 7
दुजाना 7
महराना 11
लुहारी 11
माछरौली 39
पाटौधा 12
अहरी 9
अकेहड़ी मदनपुर 10
बहु 10
बिरहोड़ 10
गोरिया 7
खानपुर खुर्द 13
खोरड़ा 8
लडायन 10
मातनहेल 15
भूरावास 10
साल्हावास 11
प्रशासन ने बनाए मैक्रो कंटेनमेंट जोन
कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए जिले के पांच से अधिक मौत व 10 से अधिक कोरोना संक्रमित मामले वाले गांवों को मैक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इन गांवों को पूरी तरह से सील किया गया है।
मांडोठी में 60 लोगों की हो चुकी मौत
मांडोठी गांव में एक मई के बाद अब तक करीब 60 लोगों की मौत कोरोना व बुखार आदि मौतें हो चुकी हैं। लेकिन विभाग की तरफ से जो मौत दिखाई जा रही हैं। वे केवल अस्पतालों से आने वाले शवों के आंकड़े हैं। गांव में आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है। चिकित्सकों की टीम हर रोज गांव में आ रही है। सर्वे का कार्य भी चल रहा है।
- सतपाल प्रधान, मांडोठी सरपंच प्रतिनिधि
साल्हावास में 19 लोगों की मौत, करवाया जा रहा सर्वे
साल्हावास गांव में एक मई के बाद 19 मौत हो चुकी है। प्रशासन की तरफ से आइसोलेशन सेंटर भी गांव में बनाया गया है। सर्वे का कार्य भी करवाया जा रहा है। लोगों को सामुहिक रूप से हुक्का पीने व ताश खेलने से मना किया हुआ है।
- सुरेश देवी, सरपंच, साल्हावास
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना से मौत के मामलों को लेकर कमेटी का गठन किया गया है। किसी भी व्यक्ति की कोरोना से मौत होती है तो संबंधित अस्पताल की तरफ से विभाग को सूचित किया जाता है। उसके बाद संबंधित क्षेत्र के एमओ से रिपोर्ट मांगी जाती है। उसके बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट देती है। फिर मृतक को कोरोना से मौत की सूची में शामिल किया जाता है।
- डॉ. रणबीर सिंह, उप सिविल सर्जन, झज्जर
वर्जन
अस्पतालों से आने वाले शवों का कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जाता है। 1 से 17 मई तक झज्जर, बहादुरगढ़ व बेरी में नगर परिषद व नगर पालिका ने करीब 100 लोगों को नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जा चुका है।
- अरुण नांदल, ईओ, नप, झज्जर