बहादुरगढ़। कनफेडरेशन आफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक राजेश जून, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा व अन्य नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की।
सभी को ज्ञापन देकर मुख्यमंत्री से बहादुरगढ़ के उद्योगों के विकास के लिए कई समस्याओं के समाधान की मांग की है। उद्यमियों ने विशेषकर यहां की जर्जर सड़कों की दशा सुधारने की मांग की है।
उद्यमियों ने विधायक समेत अन्य नेताओं को हरियाणा के बजट 2025-26 के लिए भी कुछ सुझाव रखें ताकि वे मुख्यमंत्री के साथ इन सुझावों को सांझा कर सकें।
इस प्रतिनिधिमंडल में कोबी के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, संयुक्त सचिव सुरेंद्र वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल, गुरप्रीत सिंह, तिलक राज गर्ग, संजय जैन, विकास गुप्ता, मनीष गुप्ता, पंकज गर्ग आदि मौजूद रहे।
उद्यमियों ने कहा कि हरियाणा का प्रवेश द्वार टीकरी बार्डर है। यहां स्थिति बेहद दयनीय है। बहादुरगढ़ से झज्जर को जोड़ने वाली रोड की भी वर्षों से बेहद दयनीय स्थिति है परंतु कोई ध्यान नहीं दे रहा। 44 फुटा जसौरखेड़ी रोड जर्जर हो चुका है। रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने आसौदा रोड की भी बेहद खराब स्थिति है। दहकोरा से जुड़ा हुए औद्योगिक क्षेत्र के रोड की भी दयनीय स्थिति है। इन्हें जल्द से जल्द ठीक कराया जाए।
इसके अलावा मेट्रो लाइन का एक्सटेंशन करवाने, उद्योगों के लिए बिजली आपूर्ति के लिए नए पावर स्टेशन का निर्माण करवाने, झज्जर जिले में उत्पाद-विशिष्ट कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने, पूरी तरह से सुसज्जित फायर स्टेशन स्थापित करने, सामान्य सुविधा केंद्र बनाने, मासिक शिकायत निवारण बैठकों का आयोजन करने, परिवहन नगर, एक लाजिस्टिक्स हब और कंटेनर कार्पोरेशन टर्मिनल विकसित करने की भी मांग की गई है।