बहादुरगढ़। भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद जसवीर सैनी ने रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 स्थित टिकरी मार्ग को खुलवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मार्ग वार्ड-12 और वार्ड-14 के हजारों लोगों के लिए मुख्य रास्ता है। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जसवीर सैनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह रास्ता दयानंद नगर और सैनीपुरा कॉलोनी को सेक्टर-9 से जोड़ता है। एचएसवीपी के नक्शे में इसे बंद दर्शाया गया है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। उन्होंने गली नंबर-4 को भी खुलवाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रोहित प्रधान, सोनू सरपंच, कपिल सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।