झज्जर। जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और ईएसआईसी के सहयोग से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। सिविल सर्जन डॉ. मंजु कादयान ने बताया कि शिविरों में 511 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच, 301 के एक्सरे तथा 74 कर्मचारियों के टीबी जांच के लिए सैंपल लिए गए। कर्मचारियों को टीबी के लक्षण, बचाव और सरकार की ओर से उपलब्ध उपचार व सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रोग मुक्त झज्जर की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। टीबी मुक्त अभियान की प्रभारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. निधि मोमिया भी शिविरों में पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही हैं।