बहादुरगढ़। इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी के पुत्र एवं पार्षद जितेंद्र राठी व भूपेंद्र राठी ने कहा कि नफे सिंह व उनके समर्थक जयकिशन दलाल की हत्या को दो माह बीत चुके हैं, लेकिन न्याय नहीं मिल रहा है। हत्याकांड में शामिल षडयंत्रकारी व हत्यारों को भाजपा सरकार बचाने का प्रयास कर रही है। राठी ने हत्याकांड की एफआईआर में नामजद आरोपियों का नार्को टेस्ट करवाने की मांग की है ताकि पूरे मामला का खुलासा शीघ्र हो सके। उन्होंने केस की जांच अब तक सीबीआई को न सौंपने पर भाजपा सरकार पर सवालिया निशान खड़ा किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए जितेंद्र राठी ने भाजपा सरकार पर सीधे तौर पर इस मामले में हत्यारों व षडयंत्रकारियों को बचाने के आरोप लगाए। कहा गया कि सरकार मामले की सही ढंग से जांच नहीं करवाना चाहती। इसलिए नफे सिंह राठी की हत्या को दो महीने बीत जाने के बाद भी अब तक मामले की जांच सीबीआई को नहीं सौपी गई है। जितेंद्र राठी का कहना है कि मुख्यमंत्री के साथ बैठने वाले लोग नफे सिंह राठी की हत्याकांड के आरोपी हैं, इसलिए सरकार उन्हें बचा रही है। जितेंद्र राठी ने सरकार से पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा कि सीबीआई को अब तक केस ट्रांसफर क्यों नहीं किया गया है? अब तक हत्याकांड के साजिशकर्ता के नाम का पर्दाफाश क्यों नहीं हुआ है? वारदात को अंजाम देने वाले शूटर अब तक क्यों नहीं पकड़े गए हैं? वारदात के समय इस्तेमाल किए गए हथियार भी अब तक बरामद नहीं हुए हैं? इतना ही नहीं अब तक मामले की एफआईआर में नामजद आरोपियों का नार्को टेस्ट क्यों नहीं करवाया गया है? जितेंद्र राठी ने सरकार से इन सभी सवालों के जवाब मांगे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि नफे सिंह राठी की हत्या में शामिल षडयंत्रकारियों व हत्यारों को राजनीतिक संरक्षण दे रही है। इस मौके पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामनिवास सैनी, पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रदीप सिन्हा, हलकाध्यक्ष पप्पू कानोंदा, पार्षद मोहित राठी, सूर्यकांत बोंदवाल, कुलविंद्र सिंह, प्रवीण दलाल, पूर्व पार्षद शशि कुमार, सूरज सिंह, राज सिंह वर्मा, मयूर सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।