बादली। गुभाना-दिल्ली बाक्करगढ़ रोड पर एक युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव की पहचान और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि बाक्करगढ़ रोड पर हॉट मिक्स प्लांट के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पहचान के प्रयास किए गए तो व्यक्ति की पहचान राहुल पुत्र देशराज(32) गांव पट्टीखुबा, महावतपुर, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश के तौर पर हुई। राहुल क्षेत्र के ईंट-भट्ठों पर काम करता था और बादली में किराये के मकान में रहता था। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। पुलिस ने शव को बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि व्यक्ति की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि राहुल की मौत वाहन की टक्कर लगने से हुई है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा।