-फोटो 2 : मुख्यमंत्री से मुलाकात करते किसान नेता रमेश दलाल।
बहादुरगढ़। केएमपी मांडोठी टोल पर जमीन का मुआवजा 10 करोड़ रुपये देने की मांग को लेकर चल रहा धरनाा 52वें दिन भी जारी रहा। वहीं भारत भूमि बचाओ संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश दलाल ने 11 सदस्यीय टीम के साथ चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहरलाल से वार्ता की।
उन्होंने बताया कि वार्ता में किसानों का मुआवजा बढ़वाने समेत विभिन्न मांगों के बारे में सहमति बनी है। सहमति बनने के बाद मौके पर ही मुख्यमंत्री ने मांगों को जायज मानकर स्वीकार करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। सहमति के अनुसार सोनीपत और झज्जर के सभी गांव के किसानों का मुआवजा बढ़ेगा। इसके लिए झज्जर और सोनीपत के उपायुक्त के अंतर्गत दोनों जिलों की अलग से कमेटी बनेगी जो एक सप्ताह में मुआवजा राशि बढ़ाने की घोषणा करेगी। जमीन का मुआवजा बढ़ोतरी समेत अन्य मांगे थी उन पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई।
किसान नेता ने कहा कि जल्दी मुआवजे के मामले में एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी प्रति एकड़ किस गांव का कितना मुआवजा बढ़े भाव के बारे में अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। उसके आधार पर वह अवॉर्ड संशोधन करके या आर्बिट्रेशन के माध्यम से उसको दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कमेटी एक सप्ताह के अंदर किस गांव का क्या भाव है, यह घोषित कर दिया जाएगा उसमें कोई भी समय नहीं लगेगा। मुख्यमंत्री से वार्ता के दौरान 11 सदस्य दल में दिलबाग सिंह दलाल मांडोठी, बीजे प्रधान, सतपाल बुपनिया, सतपाल नूना माजरा, कृष्ण चंद्र आसोदा, जिला पार्षद नाहरा राकेश, बिजेंद्र मंडोरा, ईश्वर तुर्कपुर, धर्मदेव मण्डोरा, जयप्रकाश दहिया, राजेश दहिया आदि मौजूद रहे।