बादली। गत मंगलवार को गंगड़वा गांव के राजकीय कन्या स्कूल के पास हुए झगड़े और मारपीट से घायल दो युवकों में से एक की मौत हो गई है। पुलिस ने मारपीट में शामिल दो लोगों के खिलाफ नामजद और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
झगड़े वाले दिन गांव आसौदा निवासी हिमांशु और नवीन अपने एक दोस्त से मिलने के लिए गंगड़वा गांव गए थे। दोस्त से मिलने के बाद दोनों घर लौट रहे थे तो लुकसर गांव के राजकीय स्कूल के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान हिमांशु को गंभीर चोटें आई और चार दिन उपचार के बाद शुक्रवार देर रात मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों की मौजूदगी में नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बादली पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बाबूलाल ने बताया कि हिमांशु के पिता श्रीपाल की शिकायत पर करतारे और अनिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बाबूलाल के अनुसार, श्रीपाल ने बताया कि लड़की से छेड़छाड़ की आशंका के चलते हिमांशु और नवीन के साथ करतारे और अनिल ने झगड़ा किया व पिटाई की। जिसमें हिमांशु की गहरी चोटों के चलते मौत हो गई है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।