नजफगढ़ रोड पर वीरवार को बिजली के करंट से हुए हादसे से शहर उभरा भी नहीं था कि दूसरे दिन फिर से घटनास्थल के पास एक और हादसा हो गया। इस बार एक बिजली कर्मी ही हादसे का शिकार हो गया। उसे बहादुरगढ़ के सिविल हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। वीरवार को हुए हादसे के बाद बिजली निगम ने उक्त क्षेत्र में बिजली की तारें हटाने और बदलने का काम शुरू किया। शुक्रवार की शाम को एक कर्मचारी राहुल खान खंभे पर चढ़ कर तारें हटा रहा था। हालांकि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी, लेकिन इंवर्टर के कारण तारों में आए बैक करंट से उसे हलका झटका लगा।
झटका लगने से उसके हाथ खंभे से छूट गए और वह नीचे गिर गया। पास ही खड़े दो युवक अमित ,राजू और सहकर्मी उसे तुरंत सिविल अस्पताल में लेकर गए। जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। उसके पांव में चोटें आई हैं। मूलत: राजस्थान का निवासी करीब 22 वर्षीय राहुल फिलहाल ठीक है। घटना वीरवार को हुए हादसे वाले घटनास्थल से करीब 100 मीटर के दायरे में हुई। लगातार दूसरे दिन उसी तरह का हादसा होते देख आसपास के लोग सहम गए।
हालत में सुधार
वीरवार को करंट हादसे में झुलसे दोनों युवकों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। मृतक सागर का भाई सुनील फिलहाल घर पर ही है। जबकि अन्य घायल श्रमिक साजन पीजीआई में उपचाराधीन है। उसके पांव में चोट आई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को एक जिम हेल्थ क्लब का शुभारंभ होना था। इसी के सिलसिले में पांच युवक जिम के बाहर छत पर होर्डिंग लगा रहे थे। इस दौरान बोर्ड का कुछ हिस्सा पास गुजर रही बिजली की लाइन से छू गया और सभी करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में नितिन, रोहित और सागर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुनील और साजन घायल हो गए थे।