बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में लगी श्रमिकों की लाइन।
- फोटो : Bahadurgarh
राज्य सरकार ने प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य भेजने की व्यवस्था की है। गृह राज्य भेजने से पहले सभी प्रवासी श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच करवाई जा रही है। जिस श्रमिक का स्वास्थ्य ज्यादा खराब मिल रहा है उसे रोका जा रहा है। पिछले चार दिनों में एक हजार से ज्यादा मरीजों का स्वास्थ्य जांचा जा चुका है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड व राजस्थान के अलावा अन्य प्रदेशों के लोग रहते हैं। वे यहां पर अनेक फैक्टरियों में काम के अलावा अन्य काम धंधे करते हैं। अब उन्हें कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते उनके गृह राज्य भेजने की व्यवस्था सरकार की ओर से की गई है। क्योंकि इन लोगों के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जांच कराने के लिए लंबी लग रही लाइन
नागरिक अस्पताल के फ्लू क्लीनिक में बीते चार दिनों से इन श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। जांच कराने के लिए मजदूरों की लंबी-लंबी लाइन लग रही है। सभी श्रमिकों की खांसी-जुकाम की जांच की जा रही है। यदि किसी में इस तरह के लक्षण मिलते हैं तो उन्हें यहां पर रोका जा रहा है। बहादुरगढ़ में हुई श्रमिकों की जांच के दौरान 20 लोग ऐसे मिले हैं जिनमें खांसी-जुकाम के लक्षण मिले हैं।