फोटो 53 : बाजार में एक दुकान पर लटकी नोटों की मालाएं। संवाद
बहादुरगढ़। इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है और लोगों को बैंकों से नोटों की गड्डियां नहीं मिल रही हैं। बाजार में 10, 20 और 50 रुपये के के नए नोट की गड्डियां मनमाने दाम पर बेची जा रही हैं। 10 रुपये के नोट की गड्डी एक हजार की जगह 1400 रुपये में मिल रही हैं।
शादी के मौसम में नेग देने और जश्न के माहौल में नाचते-गाने के दौरान वार-फेर की वजह से लोग छोटे नोटों को प्राथमिकता देते हैं। इसलिए शादी समारोह में 10 और 20 के नोटों की खासी मांग रहती है। शहर की बैंक शाखाओं में 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों की गड्डियां नहीं मिल पा रही हैं जबकि बाजार में दुकानों पर गड्डियां आसानी से उपलब्ध हो रही हैं लेकिन दुकानदार इन गड्डियों की एवज में अधिक रुपये की मांग कर रहे हैं। बैंकों में सिर्फ पुराने नोट ही मिल रहे हैं। जबकि दुकानों पर नए नोट की गड्डियां मिल रही हैं।
नए नोटों की माला भी महंगी
कड़क नोटों के अलावा दूल्हे को पहनाई जाने वाली नोटों की माला भी महंगी हो गई हैं। मेन बाजार के दुकानदार सुभाष ने बताया कि 10 रुपये के 10 नोटों की माला 180 रुपये में, 20 रुपये के 25 नोटों की माला 700 रुपये और 50 रुपये के 20 नोटों की माला 1200 रुपये में मिल रही है। ज्यादा कीमत के सवाल पर कहते हैं कि बैंक में नए नोट नहीं मिलते हैं। कटे-फटे नोट बदलने वाले दुकानदारों से ही नोट खरीदने पड़ते हैं।
10 के एक नए नोट के लिए खर्च कीजिए 14 रुपये
शहरवासी जितेंद्र यादव ने बताया कि शादी का सीजन चल रहा है। उनके घर में भी शादी समारोह है लेकिन कहीं भी बैंकों में नोटों की गड्डी नहीं मिल रही है। बाजार में 10 रुपये के नए नोट के लिए 14 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। 10 के नोट की गड्डी 1400 रुपये में, 20 के नोट की गड्डी 2250 रुपये में और 50 के नोट की गड्डी 5200 रुपये में मिल रही है। प्रशासनिक अधिकारियों को इस तरह के दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।