गांव खुंगाई में 14 अगस्त को गोली मारकर युवक नरेंद्र की हत्या करने के मामले में पुलिस की एसआईटी टीम ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेन्द्र उर्फ पप्पू, पदम उर्फ मोनू निवासी गांव खुगाई तथा अजय उर्फ बॉबी निवासी गांव कबलाना के तौर पर हुई है। तीनों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया।
जहां सुनवाई के बाद उनको पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस इस मामले में आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
हरिद्वार में कांवड़ को लेकर हुआ था विवाद
गांव खुंगाई गांव निवासी नरेंद्र का भाई संदीप अगस्त महीने में हरिद्वार कांवड़ लाने के लिए गया हुआ था। गांव के ही पदम विवेक भी हरिद्वार गया था।
वापसी के दौरान बीच रास्ते में संदीप की पदम और उसके भाई विवेक के साथ कहासुनी हो गई। उस दौरान तो बात किसी तरह से बीच में रह गई।
आरोप है कि पदम तथा विवेक ने उसे घर पहुंचने के बाद देख लेने की धमकी दी थी।
यह था पूरा घटनाक्रम
14 अगस्त शुक्रवार को संदीप ने अपने भाई नरेंद्र को फोन किया कि जितेंद्र उर्फ पप्पू, उसके लड़के पदम, विवेक तथा उनका भांजा मोनू तथा साथ दो अन्य लड़के जो कि गाड़ी में सवार हैं और हाथ में हथियार लिए हुए हैं।
जिस पर नरेंद्र ने अन्य को इस संदर्भ में सूचित किया और स्वयं मोटरसाइकिल लेकर खेतों की ओर चला गया। अभी नरेंद्र बीच रास्ते में ही था कि सामने से रही गाड़ी जिसको पदम चला रहा था, ने मोटरसाइकिल में टक्कर मारी।
जिससे नरेंद्र नीचे जा गिरा। आरोप है कि गाड़ी में सवार जितेंद्र तथा अन्य ने अपनी पिस्तौल से उसे गोलियां मारी। इससे नरेंद्र पुत्र जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जो कि घटना को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गए। इधर, मौके पर पहुंचे अन्य परिजन गंभीर अवस्था में नरेंद्र को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।