रेलवे ट्रैक से गुजरते समय आपस में दो दोस्तों को बातें करना महंगा पड़ गया। वह बातों में इतने मशगूल हो गए कि पलभर में ही दोनों दिल्ली से रोहतक की तरफ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत का ग्रास बन गए।
हादसा इतना भयानक था कि एक युवक का शव का उछलकर रेल लाइनों के साथ लगती खाली जमीन में बने गड्ढे की तरफ जा गिरा तो दूसरे युवक का शव ट्रेन के साथ कई मीटर दूरी तक घसीटता चला गया।
राजकीय रेलवे पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर लोगों की काफी भीड़ लगी हुई थी। पुलिस के अनुसार मृतक दोनों साथी छोटूराम नगर फाटक से होते हुए दिल्ली की तरफ रेल ट्रैक से गुजर रहे थे।
इसी बीच इस तरफ से जनता एक्सप्रेस आ गई। उसके चालक ने हार्न बजाया तो वे दूसरे ट्रैक पर चले गए। इसी बीच दिल्ली से रोहतक की तरफ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस तेज गति में आ रही थी।
उसके चालक ने हार्न बजाया, लेकिन उन्हें सुनाई नहीं दिया। आसपास के लोगों ने भी ट्रेन आने को लेकर आवाज दी, मगर दोनों साथी आपस में बातों में मशगूल थे।
उन्हें कुछ सुनाई नहीं दिया और ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अप लाइन पर हुए इस हादसे से यहां देखने वालों के भी रोंगटे खड़े हो गए।
जीआरपी में तैनात उप निरीक्षक स्नेहराज व कपूर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए। मृतकों की आयु करीबन 25-26 साल रही होगी।
उन्होंने बताया कि एक युवक की दाहिनी कलाई पर राजीव जासवाल लिखा हुआ है। शवों को पहचान के लिए सिविल हास्पिटल के शवगृह में रखवा दिया।
उन्होंने बताया कि छोटूराम नगर व उसके आसपास के इंडस्ट्रियल एरिया में भी जानकर उनकी पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है।