हरियाणा के झज्जर जिले के बादली क्षेत्र के गोयला कलां गांव के पास एक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की आंखों में मिर्च डालकर पिस्तौल के बल पर साढ़े पांच लाख रुपये लूट लिए। बदमाश कार में सवार थे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोयला कलां निवासी मनजीत सिंह भारतीय स्टेट बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक हैं। रविवार शाम को वे केंद्र से 5.50 लाख रुपये लेकर घर लौट रहे थे। उनके साथ उनके दोस्त जसबीर और केंद्र पर काम करने वाले अनिल भी थे। जब वे खेड़का गांव में अनिल को उतारकर रात करीब 10 बजे अपने गांव की ओर बढ़े तो फार्म के पास एक गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया।
गाड़ी से तीन युवक उतरे और उन पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने धमकी देते हुए खिड़की खुलवा ली। मनजीत के अनुसार जैसे ही उन्होंने खिड़की खोली लुटेरों ने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी और गाड़ी में रखे साढ़े 5 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। एक आरोपी ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन, जरूरी कागजात के साथ गाड़ी की चाबी भी छीन ली।
लूट करने के बाद तीनों फरार हो गए। मनजीत ने पुलिस में लूट की सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस थाना प्रभारी रमेश चंद का कहना है कि मनजीत की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।