झज्जर रोड स्थित पशु मेले में अपने कई मवेशियों को बेचकर वापस घर की ओर लौट रहे एक व्यापारी से बाइक सवार तीन युवकों ने मारपीट कर 32 हजार रुपये छीन लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात का पता जब पुलिस को लगा तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने नाकेबंदी भी की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया।
जींद जिले के जुलाना से पशु व्यापारी सुभाष अपने पांच मवेशियों को बेचने के लिए बहादुरगढ़ पशु मेले में लाया हुआ था। उसने चार कटिया को तो बेच दिया, लेकिन एक रह गई। जब वह पैदल ही कटिया को लेकर बाईपास की तरफ बढ़ रहा था तो अचानक बाइक पर सवार होकर उसके पास तीन युवक पहुंचे।
उन्होंने उससे जितने भी पैसे हैं, सभी देने के लिए कहा। जब व्यापारी ने उनका विरोध किया तो वे मारपीट करते हुए उसकी जेब से 32 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। पशु मेले से कुछ दूरी पर हुई इस वारदात से अन्य लोग भी सहम गए। लूटपाट की इस घटना के बाद पुलिस को सूचित किया तो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी सुभाष से जानकारी जुटाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
मेले में हुआ झगड़ा, कई घायल
उधर, पशु मेले में ही कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बाद में नौबत मारपीट तक जा पहुंची। इसमें दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आईं। तीन को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां सिर और शरीर के कई अन्य हिस्सों में चोटें आने के कारण उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
घायलों में एक ही गांव से प्रमोद, सोनू और विकास बताए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के व्यक्तियों के नाम का पता नहीं चल पाया। झगड़ा पशुओं की खरीद-फरोख्त के दौरान हुआ है या फिर पैसे के लेन-देन के वक्त इसको लेकर अभी कुछ साफ नहीं हो पाया। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।