कोसली रोड पर स्थित डावला गांव के पास कड़ौदा मोड़ पर रविवार की शाम करीब तीन बजे दो कारों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 महिलाओं सहित 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि सात घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। लेकिन चार महिलाओं और चालक को उनके परिजन रोहतक पीजीआई ले जाने के बजाय दिल्ली के नजफगढ़ ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह भिजवा दिया है। जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार दिल्ली के नजफगढ़ से एक इको गाड़ी में सवार होकर दस महिलाएं झज्जर जिले के रेडूवास गांव में शोक जताने आई थीं। जब वे शोक जताने के बाद नजफगढ़ जा रही थीं तो डावला गांव के पास कड़ौदा मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही एक कार के साथ उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई।
दोनों गाड़ियों के चालकों सहित 11 महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को सामान्य अस्पताल लाया गया। एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में नजफगढ़ के लोकेश पार्क गली नंबर 6 निवासी बिमला पत्नी रमेश, बबली पत्नी विजय, रानी पत्नी महावीर, बनारसी पत्नी रामनारायण, सुनीता पत्नी विजय, सुमित्रा, रजनी, गुड्डी व माया पत्नी रामकिशोर गाड़ी चालक दिल्ली के झाड़ौदा निवासी सतबीर घायल हो गए, जबकि दूसरी गाड़ी में कासनी गांव निवासी अरुण व उसकी बुआ रिंकी निवासी बुपनियां घायल हो गए।
सभी घायलों को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अरुण निवासी कासनी, रिंकी निवासी बुपनिया, सतवीर निवासी झाड़ोदा, नजफगढ़ निवासी बबली, रानी, बिमला, बनारसी को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। लेकिन बबली, रानी, बिमला, बनारसी और चालक सतवीर को उनके परिजन नजफगढ़ के निजी अस्पताल में ले गए हैं। जबकि माया की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। - राजेश कुमार, सदर पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर।