शक्ति नगर के साथ लगती वक्फ बोर्ड कॉलोनी के एक मकान में एक व्यक्ति के सिर पर पत्थरों से वारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात रोंगटे खड़े करने वाली रही। मौके को देखकर यह सहज अंदाजा लगाया जा सकता था कि प्लानिंग के तहत उसे बड़ी बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया है। पुलिस के अनुसार इसमें उसके कुछ मजदूर साथियों पर शंका है। हालांकि आरोपियों की अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई और न ही गिरफ्तारी।
मध्यप्रदेश मूल का रहने वाला रामलाल (27) कुछ समय से वक्फ बोर्ड कॉलोनी के एक मकान में किराए पर ऊपरी हिस्से में रहता था। पड़ोसियों के अनुसार वीरवार की वह और उसके दो साथी भी कमरे में देर रात तक बैठे रहे। उन्होंने पहले यहां शराब पी और बाद में उनमें किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इस कदर बढ़ा कि उस पर किसी वजनदार चीज व पत्थरों से सिर में चोट मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी बेखौफ होकर यहां से निकल गए। जिस कमरे में रामलाल रहता था उसी में उसकी बड़ी निर्ममता से हत्या की गई है। पुलिस कई एंगलों को लेकर इस मामले में जांच में जुटी हुई है। साथ में यह भी पता कर रही है कि रात्रि के समय उसके पास कौन-कौन आए थे और वह कहां पर काम करता था। किसी के साथ पैसे का कोई लेन-देन या फिर अन्य बात को लेकर रंजिश तो नहीं चल रही।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
जिस कमरे में रामलाल की हत्या हुई वहां बिस्तर से लेकर फर्श व अन्य जगह पर खून ही खून बिखरा पड़ा था। कमरे में कुछ सामान भी इधर-उधर पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसके दो साथियों ने पैसे के लेन-देन में ही उसकी हत्या की है। क्योंकि पहले भी उनके द्वारा झगड़ा किए जाने की बात बताई जा रही है। ऐसे में उसके ये साथी कौन है और कहां के रहने वाले हैं इसके बारे में अन्य श्रमिकों व कॉलोनी के लोगों से भी पता किया जा रहा है। साथ में पुलिस जहां पर रामलाल काम करता था वहां पर जाकर भी उसके साथ काम करने वालों का ब्यौरा जुटा रही है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सामान कब्जे में लेकर अपनी जांच कई पहलुओं पर आगे बढ़ाई है।
खंगाली जा रही कॉल डिटेल
आरोपियों की पहचान करने व उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जांच में जुट गई। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर भी पुलिस यह पता करने में लगी है कि मृतक के पास घटना वाले दिन किस-किसने फोन किया और अक्सर किनके साथ उनकी बात होती रहती थी। पुलिस घटनास्थल से मोबाइल डंप उठाने के लिए भी कार्रवाई में जुट गई।