गांव उखलचना कोट में शराब ठेके के विवाद में हुई एक व्यक्ति की हत्या में वांछित मोस्ट वांटेड जयकवार को एसआईटी ने मंगलवार को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। हत्या के इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही काबू कर चुकी है।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि एसआईटी को सूचना मिली थी कि गांव उखलचना कोट में जुलाई 2013 में हुई हत्या के मामले में शामिल तथा पुलिस का मोस्ट वांटेड इनामी बदमाश जयकवार किसी जरुरी काम के सिलसिले में अपने गांव उखलचना कोट के पास आएगा।
एसआईटी की टीम मौकी पर पहुंची तो एक युवक कुछ दूरी से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ थाना झज्जर में भी एक मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले का है भगोड़ा
प्रदीप निवासी उखलचना कोट ने पुलिस में शिकायत दी थी कि 29 जुलाई 2013 की शाम को वह अपने ताऊ के लड़के ओम प्रकाश के घर गया था।
इतने में ही रामकिशन, संदीप, जय कवार, सुरेश, नरेश, राजपाल, रामकला व एक अन्य अपने हाथों में हथियार लिए हुए आये। उनके घर पर उसके अलावा ओम प्रकाश, नारायण व चांद भी थे। रामकिशन व अन्य ने आते ही यह कह कर उन पर हमला बोल दिया कि तुम हमारा शराब का ठेका उठवाना चाहते हो।
जानलेवा हमले में ओम प्रकाश, नारायण व चांद गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें नारायण की चोटों के कारण रास्ते में मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि जयकवार अभी फरार था।