सावधान! यदि आप के घर, दुकान या प्रतिष्ठान में रखी अलमारी या बॉक्स में खराबी है और उसे ठीक करवाना है तो जरा संभल कर। कहीं ऐसा न हो कि कोई शातिर मौके का फायदा उठाकर उनमें रखी नकदी, जेवरात व दूसरे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दे।
ऐसा ही एक मामला शहर के मजीद मोहल्ला में उस समय सामने आया जब एक व्यक्ति ने गली में फेरी लगाकर चाबी लगाने वाले को बुलाया और वह मकान मालिक की आंखों में धूल झोंकते हुए अलमारी के लॉकर से 70 हजार की नकदी चुरा ले गया। पीड़ित परिवार को इसका पता चला तो उसके बाद थाना शहर पुलिस को घटना से अवगत कराया। अब पुलिस कॉलोनी की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
यहां रहने वाले ईश्वर के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनकी लोहे की अलमारी का दरवाजा खराब हो गया। गली में आने वाले चाबी लगाने वाले एक शख्स को अलमारी दिखाई तो उसने ठीक करने की बात कही। जिस पर उसे अंदर ले जाया गया। दरवाजा ठीक करते समय नजर बचाकर उसने अलमारी के लॉकर को दूसरी चाबी से खोल दिया और 70 हजार रुपये निकाल लिए। यही नहीं इसके बारे में किसी को भनक न लगे इसके लिए उसने लॉकर में चॉबी भी तोड़ दी ताकि परिवार वाले उसके जाने से पहले खोल न सकें। आरोपी परिवार के लोगों को दूसरी चाबी लाने की बात कहते हुए डेढ़ घंटे लौटने को कहकर चला गया। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो परिवारीजनों को शंका हुई। उन्होंने चेक किया तो उसके लॉकर से नकदी गायब मिली। उन्होंने शहर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए शिकायत दी।
-खंगालेंगे सीसीटीवी कैमरे
अलमारी में चाबी लगाने के बहाने से नकदी पर हाथ साफ करने वाले शातिर की पहचान करने व उसे पकड़ने के लिए कॉलोनी के लोगों ने अपने स्तर पर भी आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए। साथ में पुलिस ने भी गली में प्रवेश व निकास द्वार के अलावा बाजार में दुकानों के बाहर लगे कैमरों को जांचने की बात कही है। ताकि किसी भी कैमरे में यदि उसका चेहरा कैद होता है तो उसे पकड़ने में आसानी हो सके।