पैसों के लिए दोस्तों ने कत्ल किया दोस्त
शहर से सटे दिल्ली के गांव झाड़ोदा में एक व्यक्ति अपने पड़ोसी का कत्ल कर उसका शव ठिकाने लगाने के लिए कार में डालकर बहादुरगढ़ थाना सदर क्षेत्र में घूमता रहा। संदिग्ध मान जब पुलिस ने कार रुकवाई तो उनके होश उड़ गए, उन्होंने देखा कि कार में लाश पड़ी है और चालक नशे में धुत। पूछताछ में आरोपी चालक ने सब कुछ बताया, बाद में पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई। मामला दिल्ली क्षेत्र का होने के कारण वहां की पुलिस को आरोपी गाड़ी सहित हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार झाड़ोदा निवासी बलवान व रमेश पड़ोसी हैं। तीन-चार दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन रमेश अंदर ही अंदर बलवान से रंजिश रखने लगा। मंगलवार की रात को जब बलवान अपने प्लाट में सोने के लिए गया हुआ था तो रमेश वहां कार लेकर पहुंचा और उसे उठाकर खेतों की ओर ले गया। बताया गया है कि यहां पर उन्होंने पहले शराब पी और बाद में रमेश ने मौका पाकर बलवान (48) की तेजधार हथियार हथियार कस्सी नुमा से उसकी हत्या कर दी और बाद में वह उसके शव को रातभर गाड़ी में ही डालकर इधर-उधर घूमता रहा। यहां तक कि वह बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव बादली, गुभाना व अन्य क्षेत्रों में भी घूमता रहा। जब वह नया गांव बाईपास चौक पर पहुंचा तो यहां पर पुलिसकर्मी तैनात थे। उन्होंने गाड़ी रोककर चेक किया तो वह दंग रह गए। गाड़ी चालक रमेश ने उनके समक्ष अपने पड़ोसी का कत्ल किए जाने का जिक्र करते हुए बाडी को गाड़ी में ही डाले जाने की बात कही तो पुलिस एक बार तो यह सुनकर सकपका गई। लेकिन जब गाड़ी की खिड़की खोलकर देखी तो अगली व पिछली सीट के बीच में ही बलवान का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था।
क्या कहना है पुलिस का
थाना सदर एसएचओ रणधीर सिंह ने बताया कि आरोपी रमेश कभी कहीं पर मर्डर किए जाने की बात कहता रहा तो कभी कहीं पर। जहां-जहां वह बताता गया पुलिस टीम वहां ही उसे लेकर गई। बात में जब वह झाड़ोदा के नजदीक खेतों में ले गया तो वह क्षेत्र दिल्ली पुलिस के अधीन मिला। ऐसे में तुरंत दिल्ली पुलिस को इस घटना के बारे में बताया और आरोपी को उनके हवाले कर दिया। सदर एसएचओ ने बताया कि इस मामले में अब दिल्ली पुलिस कार्रवाई कर रही है। उधर दिल्ली के बाबा हरिदास नगर थाना के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिस व्यक्ति बलवान का मर्डर किया है वह आरोपी का ही पड़ोसी है। कुछ दिन पहले ही उन्हें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।