फैक्टरी कर्मी की पीट-पीटकर हत्या की गई है। मंगलवार रात टहलने गया था, सुबह को सड़क किनारे शव मिला, शरीर पर चोट के निशान हैं। घटना के बाद तीन युवक लापता हैं, उन्हीं पर हत्या का शक है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हरियाणा के बहादुरगढ़ के गांव रोहद में एक प्रवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से तीन युवक गायब हैं। उन्हीं पर हत्या का आरोप लगाया गया है। आसौदा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान करीब 20 वर्षीय भजन के रूप में हुई है। वह मूलत: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के गांव बसोना का रहने वाला था।
विज्ञापन
बसोना गांव के कुछ युवक बहादुरगढ़ के गांव आसौदा स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। इसी कंपनी में बने आवास में रहते हैं। भजन भी इन युवकों में शामिल था। लोगों ने बताया कि मंगलवार की रात को भोजन करने के बाद वह टहलने के लिए कमरे से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
काफी देर तक नहीं आया तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन नहीं मिला। बुधवार की सुबह कंपनी से कुछ दूर सड़क किनारे (रोहद रक्बा) में भजन का शव मिला। उसकी छाती, गले, आंख व गर्दन समेत शरीर के कई अंगों पर चोट के निशान थे। सूचना पाकर आसौदा थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
विज्ञापन
मृतक भजन के साथियों से पूछताछ के बाद शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। दोपहर को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। भजन की मौत के लिए तीन युवकों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। पुलिस को दी शिकायत में पवन ने कहा है कि जहां भजन का शव मिला है, वहां झुग्गी है।
उस झुग्गी में बिहार के किसी गांव के निवासी जोधी, संजू व सुधीर आदि रहते थे। वारदात के बाद से तीनों गायब हैं। आशंका है कि उन्होंने ही चोट मारकर भजन की हत्या की है। इस शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।