निजामपुर रोड के नजदीक खेत में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। किसी राहगीर ने इसकी सूचना थाना लाइनपार पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। बाद में मृतक की पहचान साथ लगती कॉलोनी छोटूराम नगर के रजनीश के रूप में हुई।
बताया गया है कि वीरवार को रजनीश अपने घर से घूमने-फिरने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के सदस्य उसे आसपास और जानकार लोगों के पास भी तलाशते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। शुक्रवार की सुबह कॉलोनी से कुछ दूरी पर खेतों में एक युवक का शव पड़ा होने का पता चला तो वे वहां पर पहुंचे और बाद में उसकी पहचान की। युवक की मौत किसी बीमारी के चलते हुई या अन्य कारणों से इसको अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह कुछ समय से बीमार चल रहा था, ऐसे में संभावना है कि उसकी मौत बीमारी के चलते ही हुई हो, लेकिन सही कारणों का पता पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने घटना को इत्तफाक मानकर कार्रवाई की है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।