झज्जर-रोहतक मार्ग पर सोमवार की शाम करीब सात बजे गांव दुजाना चौक पर हुए हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बेरी की ओर से आ रही इनोवा के टकरा जाने के बाद कार का संतुलन बिगड़ने के चलते हुआ।
दुघर्टना के बाद इनोवा चालक मौके से फरार हो गया। मृतक कार सवार दीपक और दिनेश नरवाना के रहने वाले हैं। हादसे में उसका साथी कुलबीर गंभीर रूप से घायल हुआ है। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए और घायल को इलाज के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया। घायल के प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रिट्ज कार रोहतक की ओर से आ रही थी, जैसे ही वह दुजाना चौक पर पहुंची तभी बेरी की ओर से तेज गति से आ रही इनोवा गाड़ी के अचानक हाईवे पर आ जाने के चलते कार से टकरा गई।
जिसके चलते कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पास साइड में पलट गई। जिसके चलते कार में सवार दो दीपक और दिनेश निवासी नरवाना की मौत हो गई, जबकि कुलबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मृतकों और घायल की पहचान उनकी जेब में मिले कागजात से हुई है। पुलिस द्वारा इस संबंध में आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।