पुलिस ने फर्जी खाते खुलवाकर लोगों से लाखों की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि वे बैंक में फर्जी खाता चलाकर लोगों से जीवन बीमा के नाम पर पैसे जमा करवाते थे। गिरोह का जाल दूसरे राज्यों में भी फैला हुआ है। महाराष्ट्र के पूना में भी इस गिरोह के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
थाना शहर पुलिस ने इस मामले में अंतर्राज्यीय ठग गिरोह के दो सदस्य नीरज व अमरिंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले यूको बैंक व सेंट्रल बैंक में फर्जी नाम से खाते खुलवाते हैं। इसके बाद वे जाल में फंसाने के लिए ऐसे लोगों से संपर्क करते थे जिनकी जिनकी जीवन बीमा या फिर किसी अन्य बीमे की किश्त बीच में ही बंद हो रखी होती थी।
उसके बाद उन किश्तों को दोबारा चालू कराने के लिए वे लोगों को अपना खाता नंबर देते थे और उसमें रुकी हुई किश्त के पैसे जमा करवाते थे। शातिरों के झांसे में आकर काफी लोग लाखों रुपये उनके फर्जी खाते में जमा करा चुके हैं।
दूर तक फैला है जाल
ठगी का यह पूरा मामला महाराष्ट्र के पूना से उजागर हुआ। जिसके बाद तार यहां से भी सीधे जुड़ते चले गए। ठग गिरोह के दो सदस्य बहादुरगढ़ क्षेत्र के पाए गए। जब बैंक अधिकारी की शिकायत पर जांच आगे बढ़ाई तो नीरज व अमरिंद्र पुलिस पकड़ में आ गए। ऐसे में अब इस मामले में गंभीरता से जांच जारी है। बहादुरगढ़ के यूको बैंक व लाइनपार सेंट्रल बैंक से 35 लाख की ठगी सामने आई है। आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पता किया जा रहा है।
-राजेंद्र वर्मा, आईओ, सिटी पुलिस।