प्रॉपर्टी डीलर एवं फाइनेंस का काम करने वाले मांडोठी निवासी दीपक की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी विनय को थाना शहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके दो साथियों अमित और संजीत को पकड़ने के लिए भी टीमें जुटी हुई हैं।
थाना शहर के कार्यवाहक एसएचओ उप निरीक्षक राजेंद्र ने बताया कि हत्यारोपी विनय को पटेल नगर के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। अभी तक पूछताछ में उसने बताया कि जिस समय दीपक को गोली मारी गई, उस समय आरोपी उसके साथ कार की पिछली सीट पर ही बैठा था और नजदीक से ही उसने लाइसेंसी हथियार से गोली मार दी थी।
कार को उसका साथी अमित चला रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी हिसार में रुपयों के एनएफटी करवाने के लिए जाने की बात कह रहा है। ऐसे में अब यहां की पुलिस टीम हिसार का भी रुख करके मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट करने का काम करेगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमित और संजीत के नाम भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़कर पूछताछ की जाएगी। दीपक ने विनय को कुछ लाख रुपये दिए हुए थे। जब मांगने लगा तो इसको लेकर उनमें ठन गई और मौका पाकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। विनय द्वारा ही दीपक को गोली मारने की बात अभी तक की जांच में सामने आई है।
बता दें कि वीरवार दोपहर बाद दीपक को उसके कुछ साथी आफिस से हिसार के लिए जाने की बात कहकर लेकर गए थे, लेकिन रात को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप उसके साथियों पर ही लगा था। वारदात के बाद आरोपी उसके शव को बस स्टैंड के नजदीक एक प्राइवेट अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए थे। थाना शहर पुलिस ने मृतक के पिता महिपाल के बयान पर विनय व उसके कुछ साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
फरार आरोपियों की जल्द करें गिरफ्तार
मृतक दीपक के बड़े भाई सुखबीर ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि इस हत्याकांड में जो भी आरोपी शामिल रहे हैं, उनको जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं उसे व परिवार के लोगों को जान का खतरा है। ऐसे में पुलिस जल्द फरार आरोपियों को भी पकड़कर उन्हें इंसाफ दिलाएं।