बादली के पेलपा मोड़ पर लगे कार्पोरेशन बैंक के एटीएम को दो बदमाशों ने गैस कटर से कटा और कई लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पेलपा मोड़ पर कार्पोरेशन बैंक में एटीएम भी है। बृहस्पतिवार की देर रात दो युवक एटीएम में घुसे और गैस कटर से एटीएम मशीन को काट दिया। इस दौरान वहां वर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया। लेकिन यहां लगे हिडन कैमरे पर उनकी नजर नहीं पड़ी और उसमें आरोपियों की तस्वीर कैद हो गई।
आरोपियों ने वारदात को आधी रात करीब 12:10 मिनट पर अंजाम दिया। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे जब सिक्योरिटी गार्ड सुंदर ड्यूटी पर पहुंचा तो देखा कि एटीएम कक्ष में सामान बिखरा पड़ा है और मशीन से नकदी भी गायब है। गार्ड ने बैंक मैनेजर रीतेश को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को भी अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने एटीएम के अंदर लगे हिड़न कैमरे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। कैमरे में घटना की तस्वीरें तो कैद हैं, लेकिन आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे। ऐसे में पुलिस के लिए उन्हें पकड़ना मुश्किल है। घटना की जानकारी मिलने पर थाना सदर प्रबंधक व बादली चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक महावीर ने बताया कि एटीएम एक्सपर्ट को बुलाकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व कई अन्य पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। बैंक अधिकारियों के अनुसार मशीन में करीब पौने आठ लाख रुपये की नकदी थी।