बहादुरगढ़। क्षेत्र में लूटपाट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब बदमाशों ने बाईपास पर बालोर चौक के निकट स्थित दो रोड़ी-क्रेशर स्टॉक पर लूटपाट की। पहले बदमाशों ने अरोड़ा स्टॉक पर आफिस में सो रहे मालिक की छाती पर पिस्तौल लगाकार 1 लाख 72 हजार लूटे फिर करीब 100 मीटर आगे त्रिदेव स्टॉक पर जाकर 54 हजार की लूटपाट की। इस स्टॉक पर तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के मकसद से जमीन में तीन गोलियां भी दागी। फिर कर्मचारियों को कमरे में बंद करके गाड़ी में सवार हो दिल्ली की तरफ भाग गए। इस संबंध में सिटी और सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। शनिवार की देर शाम तक बदमाशों का कुछ सुराग नहीं लग पाया था।
पहली वारदात एनएच-9 बाईपास पर बालोर चौक कुछ दूरी पर स्थित अरोड़ा स्टॉक पर हुई। ये स्टॉक दिल्ली के माडल टाउन क्षेत्र निवासी हरीश चंद्र अरोड़ा का है। हरीश अपने स्टॉक में बने ऑफिस में सो रहे थे। दरवाजे की कुंडी बंद नहीं थी। सुबह करीब पौने पांच बजे चार बदमाश स्टॉक पर आए। दो गेट पर खड़े रहे और दो आफिस के भीतर घुस गए। एक बदमाश ने सो रहे हरीश की छाती पर पिस्तौल लगाकर उसे जगाया। हरीश की आंख खुली तो बदमाशों ने कहा कि जल्दी से पैसे और अलमारी की चाबी दे, वरना गोली मार देंगे। हथियारलैस बदमाशों को देखकर हरीश बुरी तरह घबरा गया। उसने जेब में रखे एक लाख 52 हजार रुपये बदमाशों को दे दिए। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी की चाबी मांगी, हरीश ने कहा कि उसके पास नहीं है तो बदमाशों ने लोहे के सरिये अलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। हरीश के तीनों मोबाइल भी ले लिए। जाते-जाते बाहर से कुंडी लगाकर उसे बंद कर गए। कुछ देर बाद माल उतारकर जब एक गाड़ी स्टॉक पर वापस लौटी तो कर्मचारी ने हरीश को कुंडी खोलकर बाहर निकाला। इसके बाद हरीश ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और तफ्तीश शुरू की। वारदात से हरीश इतना सहम गया था कि बिना लिखित में शिकायत दिए ही अपने घर दिल्ली चला गया। इसके बाद परिजनों से सलाह लेने के बाद शाम को वापस आया और पुलिस को लिखित में शिकायत दी।
तीन गोलियां चलाने के बाद कमरे में बंद किए कर्मचारी
एक स्टॉक पर लूटपाट करने के बावजूद बदमाश नहीं थमे। इस स्टॉक से करीब 100 मीटर आगे (दिल्ली की ओर) स्थित त्रिदेव स्टॉक पर धावा बोल दिया। इस स्टॉक पर मुंशी रामशरण तो ऑफिस में तो अन्य छह कर्मचारी साथ लगते कमरे में सो रहे थे। पांच-छह बदमाश सीधे ऑफिस में घुसे और उससे बोले अलमारी की चाबी दे। मुंशी ने कहा कि चाबी मालिक के पास है, तो बदमाश बोले जल्दी दे दे वरना गोली मार देगा। शोर शराबा सुनकर बगल वाले कमरे में सो रहे कर्मचारी बाहर निकले तो बाहर खड़े बदमाशों ने डराने के लिए जमीन में तीन गोलियां चलाईं। इसके बाद कर्मचारियों को कमरे में बंद कर दिया। फिर बदमाशों ने कस्सी के बिट्टे व सरिये से अलमारी का लॉक तोड़ दिया और अंदर रखे 54 हजार रुपये निकाल लिए। रामशरण का मोबाइल भी छीन लिया और सड़क पर खड़ी कार में सवार होकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद रामशरण ने भट्टा मालिक सतपाल को सूचना दी। फिर करीब सात बजे 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-9 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की।
नकाबपोश बदमाश बोल रहे थे लोकल बोली
इन दोनों स्टॉक में करीब 100 मीटर का फासला है। अरोड़ा स्टॉक में बदमाश पौने पांच बजे घुसे थे। यहां करीब दस मिनट में वारदात की। सवा पांच बजे त्रिदेव स्टॉक में घुसे। यहां भी वारदात को अंजाम देने में 10 मिनट लगाए। दोनों स्टॉक से रातभर गाड़ियां निकलती हैं। रामशरण की माने तो उनके स्टॉक में जब बदमाश आए तो उससे पांच मिनट पहले ही एक गाड़ी माल लेकर निकली थी। लिहाजा बदमाश पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। सफेद रंग की गाड़ी में सवार थे, गाड़ी कौन सी थी, धुंध के कारण कर्मचारी पहचान नहीं सके। बदमाश नकाबपोश थे और लोकल बोली बोल रहे थे।
एक पर कैमरे नहीं, दूसरे के खराब
अरोड़ा स्टॉक पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। वहीं त्रिदेव स्टॉक पर कैमरे तो लगे हैं, लेकिन चालू स्थिति में नहीं हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बिजली समस्या के कारण कैमरे नहीं चलते। सीसीटीवी की फुटेज मिलती तो शायद पुलिस को बदमाशों की पहचान करने में मदद मिल जाती। फिलहाल पुलिस ने त्रिदेव स्टॉक के ऑफिस के बाहर चलाई गई गोलियां के खोल बरामद कर लिए हैं।
त्रिदेव स्टॉक के पास मिला हरीश का एक मोबाइल
अरोड़ा स्टॉक के मालिक हरीश के बदमाश तीन मोबाइल ले गए थे। एक को बदमाश त्रिदेव स्टॉक के नजदीक झाड़ियों में फेंक गए। इधर, हरीश लगातार अपने उस मोबाइल के नंबर पर कॉल कर रहा था। त्रिदेव स्टॉक के एक कर्मचारी की नजर उस मोबाइल पर पड़ी तो उसने हरीश को थमा दिया।
दो थानों में हुए केस दर्ज
अरोड़ा स्टॉक सदर थाना क्षेत्र के अधीन आता है, जबकि त्रिदेव स्टॉक सेक्टर-9 चौकी के एरिया में आता है। स्टॉक मालिकों की शिकायत पर दोनों थानों की पुलिस ने केस दर्ज किए हैं।
जल्द सुलझाएंगे वारदात
केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वारदात स्थल से डंप उठाए गए हैं। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात सुलझा ली जाएगी।
-जसबीर सिंह, एसएचओ, सदर थाना बहादुरगढ़