बहादुरगढ़। गांव रोहद में एक प्लाईवुड फैक्टरी परिसर में स्थित एटीएम बूथ में दो शातिर युवकों ने एक व्यक्ति का कार्ड बदल उसे 25 हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर आसौदा चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रोहद निवासी मंजीत ने कहा है कि मेरिनो फैक्टरी में उसका क्रेन सर्विस का ऑफिस है। गत एक सितंबर को वह कंपनी परिसर में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में रुपये निकलवाने के लिए गया था। उस दौरान बूथ में दो युवक पहले से मौजूद थे। उसने जब कार्ड स्वैप किया तो रुपये नहीं निकले। इसके बाद उक्त दोनों युवकों ने मदद का आश्वासन दिया लेकिन फिर भी रुपये नहीं निकले। इसके बाद वह वापस चला गया और काम में व्यस्त हो गया। कुछ देर बाद उसने मोबाइल देखा तो रुपये निकलने के मैसेज आए हुए थे। इसके बाद वह बैंक में गया और वहां जानकारी लेनी चाही। इसके बाद उसने कार्ड देखा तो वह बदला जा चुका था। फिर उसे अपने साथ हुई ठगी का आभास हुआ। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की तलाश करे। उधर, आसौदा चौकी प्रभारी सूरजभान ने कहा कि व्यक्ति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बैंक से उक्त एटीएम बूथ की फुटेज ली जाएगी। जल्द से जल्द मामले को सुलझाने का प्रयास है।