अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
पुलिस की एक टीम ने बुधवार को गांव कुलताना निवासी एक व्यक्ति से फिरौती मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को काबू किया गया। थाना प्रबंधक सदर निरीक्षक जसबीर सिंह ने बताया कि रोहतक के गांव कुलताना निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत देते हुए बताया था कि वह 6 अगस्त 2017 को अपने लड़के के साथ सांपला रोड पर स्थित धर्म कांटा व परचून की दुकान पर बैठा था। उसी दौरान एक बलेनो गाड़ी सांपला की तरफ से आकर उनके पास रुकी । इसमें से चार युवक हथियारों सहित गाड़ी से उतरा और जबरदस्ती करते हुए रुपए देने को कहा। जब उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट की । युवकों ने एक सप्ताह के अंदर अंदर रुपये भेजने को कहा नहीं तो परिणाम भुगतने व जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना सदर बहादुरगढ़ में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
डीएसपी मुख्यालय झज्जर हंसराज के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए मामले के एक आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की गई । वहीं थाना सदर बहादुरगढ़ के अंतर्गत पुलिस चौकी प्रभारी मांडोठी के उपनिरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने एक आरोपी को काबू किया। जबकि जिला रोहतक के थाना सांपला में दर्ज हत्या के एक मामले में रोहतक जेल में बंद आरोपी महेश निवासी गांव इस्माइला, रोहतक को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया । अदालत से आरोपी से पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया । बदमाश महेश ने पूछताछ में खुलासा करते हुए बताया कि वह संजीत उर्फ बिदरो के आपराधिक गिरोह का सदस्य है। उसके खिलाफ थाना सांपला में हत्या, हत्या का प्रयास तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फिरौती मांगने के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं । थाना प्रबंधक ने बताया कि फिरौती मांगने व जान से मारने की धमकी देने के इस मामले में संजीत उर्फ बिदरो, राजेश, महेश व एक अन्य आरोपी शामिल था।