अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
बैंक खाते को आधार से लिंक कराने के नाम पर शातिर ठग ने लाइनपार निवासी एक व्यक्ति को 57 हजार रुपये की चपत लगा दी। वापस रुपये मांगने पर उक्त शातिर धमकी दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाइनपार के पटेल नगर का निवासी नवीन कुमार चाइनीज फूड का काम करता है। उसका सेंट्रल बैंक लाइनपार में खाता है। इसी खाते पर उसने एटीएम की सुविधा ले रखी है। नवीन ने अपने बड़े भाई प्रवीण को एटीएम कार्ड दे रखा है। बीते 30 मार्च की दोपहर नवीन के भाई प्रवीण के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को सेंट्रल बैंक का अधिकारी बताया। उसने कहा कि आपके खाते को आधार से लिंक करना है। आज अंतिम तिथि है, नहीं कराया तो बंद हो जाएगा। प्रवीण उसके झांसे में आ गया। शातिर ने प्रवीण से एटीएम का नंबर पूछा तो प्रवीण ने बता दिया। इसके बाद ओटीपी भी उसे बता दिया। ओटीपी लेने के बाद शातिर ने खाते को आधार से लिंक होने की बात कहकर फोन काट दिया।
बैंगलोर, मुंबई व ठाणे में हुई ऑनलाइन शोपिंग
फोन पर डेबिट के मैसेज आए तो प्रवीण को ठगी का आभास हुआ। छह बार ट्रांजेक्शन कर खाते से 57218 रुपये कटे हैं। इसके बाद प्रवीण और नवीन बैंक में गए तो पता लगा कि ऑनलाइन शॉपिंग के जरिये यह राशि निकाली गई है। चार बार मुंबई से और एक-एक बार ठाणे और बैंगलोर में ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। बकौल नवीन, आरोपी का नंबर अब भी चालू है। उससे फोन पर बात करते हैं तो गलत तरीके से बात करता है, धमकी दे रहा है। इस मामले में पहले उसने लाइनपार थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायत तो ले ली, मगर रुचि नहीं दिखाई। मंगलवार की शाम को उसने एएसपी को मामले को अवगत कराया। अब पुलिस ने केस दर्ज किया है। नवीन ने कहा कि उसने तमाम जानकारी पुलिस को दे दी है। यदि गंभीरता से जांच हो तो मामले को सुलझाया जा सकता है।
अधिकारी बोले
लाइनपार थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने कहा कि व्यक्ति की मामले की जांच की जा रही है। जो मोबाइल नंबर है, उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर इस मामले को सुलझाया जाएगा।