अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। चिड़िया मोड़ पर लगाए पुलिस नाके पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक से पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी युवक रोहित उर्फ जग्गू कलियाणा का रहने वाला है। पुलिस ने उसे मौके पर ही धर दबोचा और सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना मिलने पर हुई है।
जानकारी के अनुसार स्पेशल स्टाफ टीम मंगलवार को महेंद्रगढ़ चुंगी के समीप तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कलियाणा निवासी रोहित उर्प जग्गू होंडा साइन बाइक पर चिड़िया मोड़ से कुछ देर बाद गुजरने वाला है। मुखबिर ने बताया कि रोहित के पास अवैध हथियार हैं। इसके तुरंत बाद स्पेशल स्टाफ हरकत में आया और चिड़िया मोड़ पर लगे नाके पर पहुंच गया। कुछ देर बाद पुलिस टीम को होंडा साइन पर सवार एक युवक आता नजर आया। उसे नाके पर रुकवाकर जब तलाशी ली गई तो उसके पास से एक 315 बोर की पिस्तौल और और दो कारतूस बरामद हुए। इसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी सहित बाइक और अवैध हथियार को सिटी थाने ले आई और वहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद बुधवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया।