अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। गांव रामपुरा में किसान के खेत में आग लगने से ढाई एकड़ सरसों की फसल जलकर राख हो गई। बिजली लाइन के तार टूटने पर आग लगने की घटना बताई जा रही है।
रामपुरा निवासी सेवानिवृत्त एसआई गीलाराम से किसान हवा सिंह ने ढाई एकड़ जमीन माल यानी किराए पर खेती के लिए ले रखी है। हवा सिंह ने खेत से कुछ दिन पहले ही सरसों की फसल की कटाई की थी। किसान ने सरसों को खलिहान के रूप में एकत्र कर रखा था।
गीलाराम ने बताया कि खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की बिजली तारें गुजरती हैं। गीलाराम ने बताया कि अचानक तार टूटकर सरसों के खलिहान में जा गिरे, जिससे आग लग गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। आग की तेजी से लपटें उठने लगी। लपटों के दूसरे खेतों में खड़ी फसल की ओर बढ़ते देख लोग मौके पर पहुंचे। किसानों ने ट्यूबवेल आदि के पानी से आग को बुझाने का प्रयास लेकिन तब तक पूरी खलिहान आग की भेंट चढ़ गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि इस पर काबू नहीं पाया जा सका और न ही दमकल विभाग को सूचना देने का वक्त मिला। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी से भी पुलिस पहुंची।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की है।