फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फैक्टरी में फटा केमिकल ड्रम, एक की मौत, मालिक गंभीर

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बादली। गांव गुभाना स्थित प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाली एक फैक्टरी में सोमवार की शाम केमिकल ड्रम फटने से विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फैक्टरी का मालिक गंभीर रूप से झुलस गया। पीजीआई रोहतक में भर्ती फैक्टरी मालिक की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
घटना सोमवार की शाम चार बजे की है। दरअसल, गांव गुभाना में करीब 200 गज के एक प्लॉट में प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्टरी चल रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम केमिकल ड्रम से भरी एक टाटा गाड़ी फैक्टरी में आई थी। फैक्टरी में काम नहीं चल रहा था। इस दौरान टाटा टेंपो चालक व फैक्टरी मालिक नवीन ही मौजूद थे। गाड़ी में हिलने के कारण ड्रम में गैस बनी हुई थी। नवीन ने ड्रम उतारने के लिए जैसे ही गाड़ी का डाला खोला तो ब्लास्ट हो गया। इस विस्फोट में गाड़ी व आसपास आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की चालक गाड़ी से बाहर नहीं निकल सका और भीतर ही झुलस कर मौत का शिकार हो गया। नवीन भी बुरी तरह से झुलस गया। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए। अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए। गंभीर रूप से झुलसे फैक्टरी मालिक नवीन को संभाला और झज्जर के सरकारी अस्पताल में भेजा गया। वहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक आग शांत हो चुकी थी। उसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने गाड़ी से चालक का शव बाहर निकाला। लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और उधर पीजीआई में भर्ती नवीन भी बयान देने की स्थिति में नहीं है। इस बारे में पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर कुछ ड्रम फटे हुए मिले है, उक्त टाटा गाड़ी भी सीएनजी की है। घायल नवीन के बयान देने के बाद ही हादसे के असल कारणों की पुष्टि हो पाएगी, फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
विज्ञापन


दो गाड़ी जली, गाय भी झुलसी
विस्फोट के बाद लगी आग से एक टाटा गाड़ी और बुलेनो कार जल गई। नजदीक स्थित एक प्लॉट में बंधी गाय भी झुलस गई। आग लगने से आसपास लोगों में हड़कंप मच गया। आग फैलने के भय के कारण अपने मकानों से बाहर निकल गए। ग्रामीणों ने बताया कि पहले तो तेज धमाका हुआ फिर आग लग गई। वहीं गांव में गुपचुप तरीके से यह फैक्टरी कई माह से चल रही है। आबादी के बीच स्थापित की गई इस फैक्टरी की जांच करने के लिए कभी कोई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अधिकारी भी नहीं आया। फैक्टरी मालिक नवीन गांव डीघल का निवासी है। आसपास के लोगों ने बताया कि पहले धमाका हुआ, उसके बाद तीन और धमाके हुए। बाहर निकले तो फैक्टरी में आग लगी थी।
विज्ञापन


गांव गुभाना में केमिकल फैक्टरी चलाने की अनुमति बोर्ड से नहीं ली गई है। यदि फैक्टरी चल रही है तो इसकी जांच की जाएगी। दोषी के खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
-कृष्ण कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें