फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मारने के बाद छात्र को कुचला, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। शहर के अशोक नगर में एक अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार छात्र को कुचल दिया। इस हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। भीड़ का फायदा उठा चालक फरार हो गया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक छात्र की पहचान विकास नगर (लाइनपार) के निवासी नितिन झा (15) के तौर पर हुई है। दरअसल, नितिन नई बस्ती स्थित न्यू ईरा स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। रोजमर्रा की तरह वह शुक्रवार की सुबह भी साइकिल पर सवार होकर स्कूल के लिए चल दिया। पीछे-पीछे मोपेड पर उसका पिता सुबोध भी कामकाज के सिलसिले में शहर के लिए रवाना हुआ। सुबह करीब साढ़े सात बजे बराही फाटक क्रास करने के बाद वे अशोक नगर स्थित अंबेडकर चौपाल के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में नितिन आ गया। टक्कर मारने के बाद ट्रक उसे कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। पीछे आ रहे सुबोध ने भागकर नितिन को संभाला, लेकिन मुंह व सिर बुरी तरह से कुचले जाने के कारण नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ का फायदा उठाकर चालक ट्रक को वहीं छोड़कर बराही की तरफ भाग गया। बेटे के क्षत-विक्षत शव को देखकर पिता सुबोध का हाल-बेहाल हो गया। जानकारी पाकर वहां पहुंची नितिन की मां व अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलते ही लाइनपार थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। शव को नागरिक अस्पताल में लाया गया। दोपहर को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
विज्ञापन

सब कुछ खत्म हो गया : सुबोध
मूलत: बिहार का निवासी सुबोध पिछले कुछ साल से यहां विकास नगर में रहता है। वह ब्रेड-सेंडविच आदि सप्लाई करता है। सुबोध की पांच संतानें हैं। नितिन उसका एकमात्र पुत्र था। सुबोध ने कहा कि नितिन के लिए उसने बेहद सपने देखे थे। वह चाहता था कि उसका बेटा बड़ा अधिकारी बने। मगर अब उसकी मौत से सब खत्म हो गया है।
पढ़ाई में होशियार था नितिन
नितिन पढ़ाई में अच्छा था। उसकी मौत की सूचना पर स्कूल डायरेक्टर भीम सिंह सांगवान व अन्य अध्यापक भी पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। शुक्रवार को दो मिनट का मौन धारण कर विद्यार्थियों ने नितिन को श्रद्धांजलि दी। शनिवार को स्कूल में अवकाश रखा गया है।
सूनी हो गई चार बहनों की राखियां
नितिन चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से चारों बहनों की राखियां सूनी हो गई। पखवाड़े भर बाद जब रक्षा बंधन आएगा तो इन बहनों को अपने भाई की याद सताएगी।
विज्ञापन


जल्द होगी चालक की गिरफ्तारी : रणदीप
मामले के जांच अधिकारी रणदीप के मुताबिक, मृतक के पिता की शिकायत पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। उसमें मिले कागजात के जरिये चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें