क्लर्क हत्याकांड: कार्रवाई नहंी होने पर एसपी से मिलेगी पंचायत
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव बधवाना निवासी सेंट्रल बैंक क्लर्क की हत्या के मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर वीरवार को गांव बधवाना में पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में हत्या के आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर वीरवार को एसपी से मिलने का निर्णय लिया गया। मृतक बैंक कर्मचारी रामपाल के भाई प्रवीन कुमार ने बताया कि जिले के गांव भागवी में कुछ दिन पूर्व उसके भाई रामपाल की हत्या कर दी गई थी लेकिन आज तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि वीरवार को बधवाना में मौजिज व्यक्तियों की पंचायत पूर्व सरपंच भीम सिंह की अध्यक्षता में हुई। रामपाल के भाई प्रवीन ने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री के दादरी दौरे के दौरान पांच गांवों की पंचायत भी मिल चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।उन्होंने बताया कि तीन बार जिला उपायुक्त से मिलकर मांग की जा चुकी है। पूर्व जिला पुलिस अधीक्षक सुनील दलाल से भी गुहार लगा चुके हैं लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पंचायत में इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करवा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। प्रवीन कुमार ने बताया कि अब इस मामले को लेकर सात दिसंबर को नए जिला उपायुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रवीन कुमार ने बताया कि ज्ञापन में प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया जाएगा। तीन दिन में कार्रवाई न होने पर मृतक के परिजन अनशन पर बैठने को विवश होंगे। पंचायत में भीम सरपंच, सरपंच मनोज, जसवंत सिंह, पूर्व सरपंच कैलाश पालड़ी, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश, महीपाल, पूर्ण शर्मा, बिजेंद्र शर्मा, बिल्लू शर्मा, दलीप सिंह, कृष्ण कुमार, ओमप्रकाश, कमल सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।