148 किसानों को नहरी पानी चोरी करते पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पिछले 36 घंटों के दौरान नहरों पर छापामारी कर 148 किसानों को पानी की चोरी करते पकड़ा है। इससे किसानों में हड़कंप मचा रहा। पिछले कई दिनों से बारिश न होने पर किसान नहरी पानी की भारी मात्रा में चोरी कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र की नहरों में 11 जुलाई से पानी चल रहा है। इस बार में नहरों में पर्याप्त मात्रा में पानी चल रहा है। नहरों में इस समय 860 क्यूसेक पानी चल रहा है। जिससे नहरी पानी की इस समय कोई कमी नहीं है। क्षेत्र के कई गांवों में किसानों ने धान की फसल की भी रोपाई कर रखी है। धान की फसल में पानी की अधिक मात्रा में जरूरत होती है। अब पिछले काफी दिनो से बारिश न होने पर किसान नहरी पानी की भारी मात्रा में चोरी कर रहे हैं। किसानों ने नहरों पर इंजन व साइफन लगा रखे हैं जिससे दिन रात नहरों से पानी का उठान किया जा रहा है। किसान बाजरा, कपास, ज्वार व ग्वार आदि खरीफ की फसलों की सिंचाई कर रहे हैं। इस समय भारी मात्रा में पानी की चोरी हो रही है। नहरी पानी की चोरी रोकने के लिए विभाग अधिकारी लगातार पानी की चोरी कर रहे हैं। पिछले 36 घंटों के दौरान विभाग अधिकारियों ने 148 पानी चोरी के मामले पकड़े हैं।
इस दौरान विभाग के एसडीओ वीरेंद्र सिंह लाकड़ा व प्रवीन सहरावत के नेतृत्व में टीमों ने बधवाना व लोहारू नहरों पर छापामारी की। इस दौरान बधवाना व लोहारू नहर से 148 किसानों को नहरी पानी की चोरी करते पकड़ा है। इसे लेकर किसानों में हड़कंप मचा हुआ है। इन किसानों पर नहरी पानी की चोरी के एवज में तावान के रूप में जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान है।
फोटो 08 पानी से भरी नहर का फोटो ।