अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां। पुलिस की कार्यप्रणाली भी हमेशा से ही सुर्खियों में रहती है। ताजा मामला गांव सांवड़ का है जहां पर एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने करीब दो माह पहले इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की थी लेकिन जब डीएसपी बाढड़ा ने इसकी जांच की तो मौत का कारण ट्रैक्टर चालक की गलती सामने आई है। इस आधार पर अब पुलिस ने ट्रैक्टर चालक फकीर चंद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला
गांव सांवड़ निवासी मृतक दीपक के पिता करण सिंह ने एसपी को दी गई शिकायत में बताया था कि गत 25 अक्तूबर को एक ईंट-भट्ठा का चालक फकीर चंद ट्रैक्टर में ईंट भरने व उतारने के लिए बतौर श्रमिक उसके बेटे दीपक को लेकर गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे भट्ठा का मुंशी व एक अन्य ट्रैक्टर चालक बाइक पर मृत अवस्था में उसके बेटे दीपक को लेकर उनके घर पहुंचे। उन्होंने बताया था कि दीपक की मौत ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हो गई। इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी। सरपंच की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने 26 अक्तूबर को इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर मृतक का पोस्टमार्टम करवा दिया था। परिजनों ने बौंद पुलिस पर मामले में लीपापोती करने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाते मामले की जांच सीआईए से कराने की मांग की थी। एसपी ने इस मामले की जांच डीएसपी बाढड़ा दलीप सिंह को सौंपी थी। गत पांच दिसंबर को डीएसपी की जांच में सामने आया कि गत 25 अक्तूबर को भट्ठे का चालक ट्रैक्टर लेकर सांवड़ से सांकरोड जा रहा थे। सांवड़ से दो किलोमीटर चलते ही ट्रैक्टर चालक फकीरचंद ने लापरवाही से वाहन चलाया जिससे ट्रैक्टर पलट गया और दीपक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अब मामला दर्ज कर लिया। इस बारे में एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि डीएसपी की जांच के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।