अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
माजरा गांव के पास सोमवार की शाम आई-10 कार और निजी बस के बीच भिंड़त में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक बच्ची और एक युवती गंभीर रुप से घायल हो गई। मरने वालों में फरीदाबाद निवासी अनिल, नमन, अनुजा, बहादुरगढ़ निवासी कृष्णा देवी के अलावा राजस्थान के पिलानी निवासी पाना देवी शामिल है। वहीं, घायलों में फरीदाबाद निवासी अदिति तथा बहादुरगढ़ निवासी स्मृति शामिल हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आई-10 कार दादरी से झज्जर की तरफ आ रही थी। कार चालक ने इनोवा कार को ओवरटेक करने के प्रयास किया तो सामने से निजी बस आ गई। इसके चलते कार की बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर मौजूद लोगों ने कार में घायलों को निकालने के काफी प्रयास किए तो केवल तीन लोग ही निकाले जा सके। इसके बाद ग्रामीणों ने जेसीबी की सहायता से कार को तोड़कर अन्य को बाहर निकाला।
धमाका सुना तो दौड़े ग्रामीण
हादसे के समय तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर ग्रामीण सड़क की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने सबसे पहले कार में सवार लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया और तुरंत सूचना एंबुलेेंस को दी। जब तक ग्रामीणों ने कार सवार लोगों को बाहर निकाला, तब तक मौके पर एंबुलेेंस पहुंच चुकी थी। हादसे में जिंदा बची दोनों बच्चियों को एंबुलेेंस से सामान्य अस्पताल में भेजा गया। जहां से उन्हें रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में लगा लोगों का जमावड़ा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में लोग सामान्य अस्पताल में पहुंच गए। इतने बड़े हादसे की सूचना पर सिटी पुलिस चौकी की टीम भी स्थिति को संभालने के लिए सामान्य अस्पताल पहुंच गई। सिटी पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार की टीम ने पांचों के शवों को शवगृह में रखवाते हुए भीड़ को वहां से हटवाया।
मंगलवार को होगा पोस्टमार्टम
बेरी थाना एसएचओ संदीप के अनुसार हादसे में मरे पांचों का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह करवाया जाएगा। परिजन देर रात पीजीआई रोहतक पहुंचे हैं। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू की जा सकी। मौके पर मिले फोन के आधार पर मृतकों के परिजनों से संपर्क साधा गया।