पिकअप और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां। गांव हिंडोल से सांवड़ मार्ग पर पिकअप डाला और बाइक के बीच टक्कर होने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
गांव लांबा निवासी दीपक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव सांवड़ में हिंडोल मोड़ पर उसकी चाय की दुकान है। रविवार सांय वह अपने दोस्त मोनू के साथ बाइक पर गांव हिंडोल से सांवड़ की ओर जा रहा था। गांव में शराब के ठेके के समीप सांवड़ की ओर से आ रहे पिकअप डाला ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक गिरने से वहां समीप ही खड़े अमन, रोशन, रोहित व परमजीत को भी चोटें आई। इस दौरान पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे में बाइक सवार मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने मोनू को सामान्य अस्पताल भिवानी पहुंचाया, लेकिन मोनू की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने दीपक के बयान पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक मोनू का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।