अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर में नजफगढ़ रोड स्थित हरदयाल पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र ने क्लास रूम में ही अपने टीचर के सिर में दा (फरसे) से कातिलाना हमला किया। छात्र ने अपने अध्यापक को टारगेट कर 15 से ज्यादा वार किए। हमले में टीचर गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाव में आए दूसरे टीचर ने हमलावर छात्र को मौके पर काबू कर लिया। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर छात्र और साजिश में साथ देने के आरोप में उसके साथी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शहर के प्रेमनगर निवासी रवींद्र हरदयाल स्कूल में गणित का अध्यापक है। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह वह करीब सात बजे स्कूल पहुंच गया। प्रिंसिपल ऑफिस के निकट अपने क्लास रूम में खिड़की की ओर आगे वाले बैंच पर बैठकर क्लास का काम निपटाने लगा। करीब सवा सात बजे उनकी कक्षा का छात्र आया और पीछे वाले बैंच पर बैग रखा। बैंच पर बैठने के बजाय छात्र ने अपने बैग में से लकड़ी काटने वाला दा (लकड़ी के हैंडल वाला फरसा) निकाला और तुरंत पीछे से अध्यापक रवींद्र के सिर में वार करने शुरू कर दिए। हमले से बचने के लिए अध्यापक रवींद्र उठने लगा, लेकिन इसी बीच आरोपी छात्र ने कई और वार किए। जान बचाने के लिए रवींद्र कमरे से बाहर निकला तो भी हमलावर छात्र बाज नहीं आया और वार पर वार करता रहा। शारीरिक शिक्षा के अध्यापक पवन की इस वारदात पर नजर पड़ी तो उन्होंने दौड़कर छात्र को हमला करने से रोकने का प्रयास किया। पवन ने बताया कि उसने उन्हें भी धमकी दी कि आगे से हट जाएं, नहीं तो जान से मार दूंगा। पवन ने किसी तरह हमलावर छात्र को काबू कर लिया।
हमले की सारी वारदात क्लास रूम और बरामदे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वारदात में घायल अध्यापक लहूलुहान हो गया और पूरे कमरे, बरामदे में खून फैल गया। स्कूल स्टाफ ने एक तरफ तो हमलावर छात्र को काबू किए रखा और दूसरी तरफ घायल अध्यापक रवींद्र को तुरंत शहर के एक निजी संजीवनी अस्पताल में पहुंचाया। स्कूल से सूचना मिलने पर सेक्टर-9 चौकी पुलिस तुरंत स्कूल पहुंची और हमलावर छात्र को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। छात्र के पेंट-शर्ट और बैग की तलाशी ली तो बैग में सिर्फ एक कैजुअल शर्ट मिली। किताबें आदि नहीं थीं।
आरोपी छात्र गणित के सितंबर टेस्ट में हुआ था फेल
रवींद्र का इलाज कर रहे डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि घायल को सिर में तेजधार हथियार से करीब चार और हाथ में एक घाव आया है। हालत बहुत गंभीर है। स्कूल स्टाफ का कहना है कि आरोपी स्टूडेंट पढ़ाई में बहुत कमजोर रहा है। इस बार सितंबर टेस्ट में वह अध्यापक रवींद्र के विषय गणित में फेल हो गया। इस पर अध्यापक ने उसे समझाया और कहा कि वह शनिवार 14 अक्तूबर को होने वाली पीटीएम में उसके माता-पिता को कम अंक आने की शिकायत करेंगे। शायद यही सुनकर छात्र अपने अध्यापक रवींद्र से नाराज हो गया और उन्हें जान से मारने का प्रयास किया।
स्कूल स्टाफ और पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल आने से पहले हमलावर छात्र अपने साथी छात्र से सुबह करीब साढ़े छह बजे बालोर मोड़ के निकट शहीद भगत सिंह पार्क में मिला। यहां साथी ने आरोपी को दा (फरसा) दिया और वारदात की साजिश रची। आरोपी छात्र शहर बालोर गांव का निवासी है। उसके पिता ने स्कूल प्राचार्य को बताया कि एक-दो दिन से वह घर में निराश बैठा रहता था। किसी से बात नहीं करता था। वीरवार को क्लास इंचार्ज रवींद्र ने सरप्राइज चेकिंग की तो उसके बैग में एक कैजुअल शर्ट मिली। यह शर्ट स्कूल लाने का कारण पूछने पर छात्र ने कहा कि छुट्टी के बाद वह ट्यूशन पढ़ने जाते समय इस शर्ट को पहनकर जाएगा, लेकिन स्कूल की छुट्टी होने तक अध्यापक ने वह शर्ट जब्त कर ली और छुट्टी के बाद लौटा दी। शुक्रवार को हमले के बाद जब छात्र के बैग की तलाशी ली तो उसके बैग से वही शर्ट मिली। करीब 33 वर्षीय अध्यापक रवींद्र एक बेटे का पिता है।
सितंबर टेस्ट छात्र की परफोरमेंस
गणित : 22/100
फिजिक्स : 23/70
केमिस्ट्री : 31/70
अंग्रेजी : 68/100
शारीरिक शिक्षा : 52/70
यह बोले प्रिंसिपल
रवींद्र हमलावर छात्र के क्लास इंचार्ज भी हैं। आरोपी छात्र चौथी कक्षा से हमारे स्कूल में पढ़ता है। उसका बड़ा भाई भी हमारे ही स्कूल में पढ़ा। आरोपी पढ़ाई में कमजोर ही रहा है। इससे पहले स्कूल में उसका व्यवहार कभी खराब नहीं रहा।
-अनुराधा यादव, प्रिंसिपल
यह बोली पुलिस
जानलेवा हमला करने के आरोपी छात्र और साजिश के आरोप में उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके एक साथी से भी पूछताछ की जा रही है। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घायल अध्यापक के बयान देने की स्थिति में होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
-तेलूराम, कार्यवाहक प्रभारी शहर थाना, बहादुरगढ़।