अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बधवाना गेट के समीप से एक युवक को पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ सिटी पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। उसकी पहचान हनुमान बगीची निवासी अमित के रूप में हुई है। शनिवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम सीआईए प्रभारी कर्मबीर को गुप्त सूचना मिली थी कि बधवाना गेट क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है और उसके पास हथियार होने की संभावना है। इसके तुरंत बाद सीआईए प्रभारी ने मुख्य सिपाही विनोद के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दबिश देने के लिए संभावित जगह पर भेजा। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली तो उसके पास से देशी पिस्तौल बरामद हुई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ सिटी पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार सुबह आरोपी का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पुलिस ने पेश किया।