ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर, पीजीआई रेफर
भिवानी। शनिवार सुबह सिटी स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से प्रदीप नामक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे तुरंत इमरजेंसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस के एएसआई कृष्ण मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी कृष्ण ने बताया कि प्रदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि ट्रेन की चपेट में आने से प्रदीप नामक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। इस सूचना पर वे रोहतक पीजीआई में पहुंचे हैं, मगर अभी तक घायल बयान देने की हालत में नहीं है। उसने बताया कि प्रदीप के पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घर में घुसकर लड़की से छेड़छाड़, पड़ोसी युवक पर केस दर्ज
भिवानी। लोहारू क्षेत्र के एक गांव में देर रात साढ़े 12 बजे पड़ोसी युवक द्वारा ही घर में घुसकर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया। लोहारू पुलिस ने 19 वर्षीय लड़की की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी। पुलिस को दी शिकायत में लड़की ने बताया कि गत 5/6 फरवरी को वह अपनी मां के साथ सो रही थी कि देर रात साढ़े 12 बजे उनके पड़ोस में रहने वाला युवक उनके मकान की दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इसी दौरान उसके घर उसका चाचा आ गया और लड़की ने अपने चाचा को सारी बात बताई। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।