अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव टांडाहेड़ी में बीती देर रात नशे में धुत दो व्यक्तियों ने हवाई फायर कर दिए। इसी दौरान गांव में गश्त कर रहे एक पुलिसकर्मी (एएसआई) ने उक्त लोगों से फायरिंग करने का कारण पूछा तो दोनों ने पुलिसकर्मी के साथ ही मारपीट कर शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने मारपीट के दौरान कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। अन्य पुलिस कर्मियों ने एक आरोपी को मौके पर काबू कर लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाने में तैनात एएसआई राजबीर ने बताया कि मंगलवार की रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। रात करीब डेढ़ बजे जब वे बहादुरगढ़-बेरी मार्ग पर टांडाहेड़ी के नजदीक पहुंचे तो निर्माणाधीन ओमैक्स सिटी की ओर से गोलियां चलने की आवाज आई। गोलियों की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे तो वहां दो व्यक्ति शराब पी रहे थे। एक के हाथ में पिस्तौल थी।
बकौल राजबीर, जब उसने उक्त लोगों से गोली चलाने की वजह पूछी तो दोनों ने गाली देकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान दोनों ने वर्दी तक फाड़ दी। झगड़ा देख गाड़ी में मौजूद अन्य साथी पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव किया और मौके पर हथियार सहित एक आरोपी को काबू कर लिया गया। जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जयभगवान निवासी टांडाहेड़ी के तौर पर हुई है। जबकि फरार होने वाले का नाम रणधीर है।
इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हवाई फायर करने, पुलिस कर्मी से मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने, अवैध हथियार रखने और सरेआम शराब पीने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। बुधवार को आरोपी जयभगवान को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।