अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
राजकीय रेलवे पुलिस के एक एसआई के खाते से एक लाख 50 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। उक्त एसआई बार-बार बैंक के चक्कर लगा रहा है, मगर रुपये निकलने के सही कारणों की पुष्टि नहीं हो रही है। अब मामले में एसआई ने सिटी थाना बहादुरगढ़ पुलिस को शिकायत दी है।
गांव डाबोदा निवासी जयसिंह ने बताया कि वह बहादुरगढ़ जीआरपी में तैनात है। उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है। उसने एटीएम कार्ड की सुविधा ले रखी है। गत 22 और 23 अक्तूबर को उसके खाते से रुपये निकल गए। जयसिंह के मुताबिक, मंगलवार दोपहर जब वह एटीएम में रुपये निकालने गया तो कार्ड ने काम नहीं किया। इसके बाद वह बैंक में गया। जहां खाते की जांच कराई तो एक लाख 50 हजार रुपये निकलने के बारे में पता चला। एसआई के अनुसार 22 अक्तूबर को खाते से 40 हजार और 35 हजार रुपये निकले हैं। जबकि 23 को 20-20 हजार तीन बार और 15 हजार की ट्रांजेक्शन हुई है। इसके बाद उसने सिटी थाने में जाकर शिकायत दी।
कैसे निकले रुपये। जय सिंह ने बताया कि उसका एटीएम उसके पास ही है। गत 13 अक्तूबर को भी उसने अपने कार्ड के जरिये रुपये निकलवाए थे। तब से कार्ड उसके पास है। बैंक में गया तो कर्मचारियों ने कहा की पैसे उसके ही एटीएम से निकले हैं। जब कार्ड ही उसके पास है तो एटीएम से पैसे कैसे निकल गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करे।
अधिकारी बोले
उधर, सिटी थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी एसआई तेलूराम ने कहा कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बैंक से भी डिटेल ली जाएगी। जल्द से जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।