ऑल्टो कार सवारों युवकों ने झोंके फायर, स्कार्पियो सवार लोगों ने भागकर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा।
गांव बेरला के समीप शनिवार रात ऑल्टो कार सवार युवकों ने स्कार्पियो गाड़ी रुकवाकर हवाई फायर किए और गाड़ी के शीशे पर लोहे की रॉड से भी वार किया गया। इस पर स्कार्पियो में सवार डाढ़ी बाना, आदमपुर व मंदोला निवासी युवकों ने भागकर अपनी जान बचाई। डाढ़ी बाना निवासी अमित ने मामले की शिकायत बाढड़ा थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में डाढ़ी बाना निवासी अमित ने बताया कि वो अपने साथ आदमपुर निवासी प्रवीन व मंदोला निवासी विजय के साथ अपनी गाड़ी से बाढड़ा जा रहे थे। अमित ने बताया कि गाड़ी विजय चला रहा था। बेरला के समीप सामने से आई सफेद रंग की ऑल्टो कार सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद कार से हाथ में रॉड़ और पिस्तौल लेकर उतरे दो युवकों में से एक ने उनकी गाड़ी के शीशे पर वार कर दिया और चाबी निकालने की कोशिश की। जब वह कामयाब नहीं हुआ तो दूसरे युवक ने हवाई फायर भी कर दिया। इसके बाद उन्होंने स्कार्पियो को भागकर अपनी जान बचाई।