अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
साल्हावास गांव के नजदीक महेंद्रगढ़ कैनाल में गिरे हाइवा डंपर के जिस ड्राईवर को पुलिस नहर में तलाशती रही, वो अपने घर पर मिला। पुलिस को जब यह सूचना मिली तो पुलिस ने अपना सर्च अभियान रोका व राहत की सांस ली। पुलिस को यह सूचना ट्रक मालिक सुनील ने दी।
दरअसल, वीरवार की रात को करीब 11 बजे एक डंपर साल्हावास के नजदीक महेंद्रगढ़ कैनाल की पुलिया से टकराते हुए कैनाल में गिर गया। डंपर नहर में गिरने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राईवर की तलाश के लिए शुक्रवार सुबह चार गोताखोर बुलाए तथा गांव वालों की मदद से अमृतसर के गांव खेड़ी निवासी चालक मंदीप की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया। इसके लिए अकेहड़ी हेड से नहर का पानी भी बंद करवाया गया। शुक्रवार को पूरे दिन सर्च अभियान चलाने के बाद भी चालक मंदीप का कोई सुराग नहीं मिला तो रात में डंपर मालिक सुनील ने साल्हावास थाना पुलिस को सूचना देकर बताया कि जिस चालक को वो नहर में तलाश रहे हैं वो तो हादसे के बाद डर के मारे अपने गांव खेड़ी चला गया। हादसे में चालक मंदीप को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आई। इसके बाद साल्हावास थाना पुलिस ने अपना सर्च अभियान बंद किया व राहत की सांस ली।
वर्जन
डंपर नहर में गिरने के कारण चालक के नहर में बहने की आशंका ट्रक मालिक सुनील के द्वारा जताई गई थी। जिस पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया था। शुक्रवार रात को सूचना मिली कि हादसे के बाद डर के चलते खेड़ी निवासी चालक मंदीप अपने घर चला गया।
- संदीप हुड्डा, एसएचओ, साल्हावास थाना।