शराब के लिए दिल्ली पुलिस में तैनात पति ने हरियाणा पुलिस की कांस्टेबल पत्नी को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल पति ने शराब के लिए रुपये न देने पर हरियाणा पुलिस की कांस्टेबल पत्नी के साथ मारपीट की। घायल महिला पुलिस कर्मचारी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सदर थाना पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन महिला के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन महिला कांस्टेबल रजनी ने बताया कि वह रोहतक में आरएएफ कोर्स कर रही है। बुधवार सुबह वह अपनी ससुराल गांव रामनगर आई थी। महिला ने बताया कि दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात उसके पति ने उससे शराब के लिए रुपये मांगे, लेकिन उसने रुपये देने से इनकार कर दिया। इससे तैश में आकर उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके चेहरे और हाथों पर चोटें भी आई। उपचार के लिए उसे दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल में उपचाराधीन महिला पुलिस कर्मचारी के बयान लेने पहुंची। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि अस्पताल में उपचाराधीन महिला पुलिसकर्मी के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।